Madhya Pradesh

Who is Sitaram Baba? कौन हैं सीताराम बाबा, जिन्होंने बीजेपी विधायक को कस-कसकर मारे मुक्के और दिया धक्का?

Sitaram Baba Viral Video: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो ने तहलका मचा रखा है. वीडियो मध्य प्रदेश के दतिया के बेरछा गांव का है, जहां भागवत कथा के मंच पर कुछ ऐसा हुआ जिसे देखकर हर कोई सन्न रह गया. व्यास गद्दी पर बैठे चर्चित संत सीताराम बाबा से आशीर्वाद लेने पहुंचे सेवड़ा से बीजेपी विधायक प्रदीप अग्रवाल को न केवल डांटा, बल्कि उन्हें मुक्के मारे, धक्का दिया और उनकी पहनाई हुई माला उन्हीं पर दे मारी.

Who is Sitaram Baba? कौन हैं सीताराम बाबा, जिन्होंने बीजेपी विधायक को कस-कसकर मारे मुक्के और दिया धक्का?
Who is Sitaram Baba? कौन हैं सीताराम बाबा, जिन्होंने बीजेपी विधायक को कस-कसकर मारे मुक्के और दिया धक्का?

हैरानी की बात यह रही कि विधायक प्रदीप अग्रवाल बिना किसी विरोध के, हाथ जोड़े घुटनों के बल बैठकर बाबा का यह ‘प्रसाद’ ग्रहण करते रहे. अब हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर ये बाबा कौन हैं और इनका अंदाज इतना जुदा क्यों है?

कौन हैं सीताराम बाबा?

संत सीताराम बाबा मध्य प्रदेश के भिंड जिले के निसरोल मंदिर के महंत हैं. वे क्षेत्र के एक बेहद प्रतिष्ठित संत और कुशल कथावाचक माने जाते हैं. सीताराम बाबा को उनके गुरु ‘मस्तराम बाबा’ के पदचिन्हों पर चलने वाला माना जाता है. भिंड के रसनौल में स्थित मस्तराम बाबा का स्थान क्षेत्र की आस्था का बड़ा केंद्र है और सीताराम बाबा इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं. बाबा के अनुयायियों की फेहरिस्त बहुत लंबी है. उनके पास न केवल आम श्रद्धालु बल्कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के साथ-साथ कई प्रदेशों के बड़े-बड़े दिग्गज नेता और उद्योगपति मत्था टेकने पहुंचते हैं.

सीताराम बाबा अपनी विशिष्ट और उग्र शैली के लिए पहचाने जाते हैं. उनके बारे में कुछ खास बातें जो उन्हें अन्य संतों से अलग बनाती हैं. बाबा अक्सर मंच से तीखे शब्दों का प्रयोग करते हैं और कभी-कभी तैश में आकर भक्तों को धक्का दे देते हैं या माला फेंककर मारते हैं. बाबा के भक्त और शिष्य उनके इस व्यवहार को ‘नाराजगी’ नहीं बल्कि ‘विशेष आशीर्वाद’ मानते हैं. समर्थकों का कहना है कि बाबा जिसे अपना मानते हैं, उसी पर इस तरह का हक जताते हैं. विवादों के उलट, उन्हें करीब से जानने वाले लोग उन्हें अपने गुरु की तरह ही सरल और मस्त स्वभाव का व्यक्ति बताते हैं, जो दिखावे से कोसों दूर रहते हैं.

सीताराम बाबा का अंदाज है निराला

घटना दतिया के बेरछा ग्राम में चल रही भागवत कथा के दौरान की है. वायरल हो रहे 36 सेकंड के वीडियो में साफ दिख रहा है कि विधायक प्रदीप अग्रवाल पूरी श्रद्धा के साथ बाबा को माला पहनाने पहुंचते हैं. जैसे ही वे झुकते हैं, बाबा का पारा चढ़ जाता है. व्यास गद्दी से ही बाबा जोर-जोर से चिल्लाते हुए विधायक को खरी-खोटी सुनाने लगते हैं. इसी बीच बाबा ने विधायक को पीठ पर मुक्के मारे और उन्हें पीछे धकेल दिया. विधायक द्वारा पहनाई गई माला उतारकर बाबा ने उनके चेहरे की ओर दे मारी. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विधायक अग्रवाल एक आज्ञाकारी शिष्य की तरह शांत रहे और क्षमा याचना की मुद्रा में बैठे रहे.

इस घटना का वीडियो 4-5 दिन पुराना बताया जा रहा है, लेकिन अब यह इंटरनेट पर तेजी से फैल रहा है. इसे लेकर दो तरह की राय सामने आ रही हैं. एक वर्ग का कहना है कि यह संत और शिष्य के बीच का निजी और आध्यात्मिक प्रेम है. बाबा का यह अंदाज सालों पुराना है और इसे अपमान के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए. वहीं, कुछ लोग सार्वजनिक मंच पर एक जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह के व्यवहार को अनुचित और अमर्यादित बता रहे हैं. फिलहाल, इस पूरे मामले पर न तो विधायक प्रदीप अग्रवाल की ओर से कोई शिकायत आई है और न ही बाबा की तरफ से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण. पर एक बात तय है, इस ‘मुक्के वाले आशीर्वाद’ ने सीताराम बाबा को देश भर की सुर्खियों में ला दिया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply