बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर चलती कारों में खतरनाक स्टंट का वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में कुछ युवक तेज रफ्तार कारों के सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग करते नजर आए. इन युवकों ने पैसे की बौछार भी की. अब पुलिस ने उन्हें सबक सिखाया है.
Satya Report: Baghpat Viral News/कुलदीप चौहान: बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर चलती कारों में खतरनाक स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि बड़ौत कोतवाली क्षेत्र में कुछ युवक तेज रफ्तार कारों के सनरूफ और खिड़कियों से बाहर निकलकर हुड़दंग करते नजर आए. हैरानी की बात ये है कि चलती कारों से युवकों ने पैसे की बौछार भी की, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़ गई.
स्टंटबाजी का वीडियो हुआ वायरल
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक अपनी जान और दूसरों की सुरक्षा को नजरअंदाज करते हुए स्टंटबाजी कर रहे हैं. यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकती थी. वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आ गई है और पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है. पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बरातियों ने दौड़ती हुई कारों की खिड़कियों पर खड़े होकर रुपए उड़ाए. वीडियो के आधार पर यातायात पुलिस ने चार में से दो कारों का दो-दो हजार रुपए का चालान किया है. यातायात प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह का कहना है कि जांच में सामने आया कि वीडियो दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का बड़ौत क्षेत्र में बनाया गया है. युवक किसी बरात में जा रहे हैं.
क्या बोले यातायात प्रभारी निरीक्षक?
यातायात प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र सिंह का कहना है कि नंबर के आधार पर एक कार मोहम्मद शमशाद निवासी डोगरिया रोड कोडिया जनपद दुर्ग (छत्तीसगढ़) व दूसरी कार आबिद निवासी गली नंबर-1 बरखा तिराहा वार्ड नंबर-5 बागपत के नाम पंजीकृत है. दोनों कारों का दो-दो हजार रुपये का चालान किया गया है. अन्य दो कारों के नंबर का पता नहीं चल पाया है. .
छह हजार रुपए का गाड़ी का चालान
एक दिन पहले ही दिल्ली-देहरादून ग्रीनफील्ड हाईवे पर थार से युवक ने स्टंट किया था. जिसका वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने छह हजार रुपए का गाड़ी का चालान किया था. इससे पहले भी स्टंट करने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर चुकी है



