Satya Report: सुरों की मल्लिका आशा भोसले अब हमारे बीच नहीं रहीं. 12 अप्रैल को 92 साल की उम्र में लेजेंडरी सिंगर ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया. आशा भोसले को खोने का दर्द सबसे ज्यादा उनकी पोती जनाई भोसले को है. अपनी दादी के निधन से जनाई टूट गई हैं. 13 अप्रैल को आशा भोसले को अंतिम विदाई देते वक्त जनाई बिलखकर रोती दिखीं. अब जनाई भोसले एक बार फिर अपनी दादी आशा भोसले को याद कर इमोशनल हुई हैं.

जनाई ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उगते सूरज की एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘सूरज हर दिन उगता और डूबता है और जैसा कि मेरी दादी कहती थीं, जिंदगी चलती रहनी चाहिए… जो लोग ऑनलाइन मुझे मैसेज कर रहे हैं, उन सभी का शुक्रिया. दादी के लिए आप लोगों का प्यार देखकर मुझे तसल्ली मिलती है. अपना ख्याल रखें.’ इस नोट के साथ जनाई ने आशा भोसले का गाना ‘मैं आशा हूं’ शेयर किया है.
जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वो बालकनी में अपनी दादी के साथ नजर आ रही हैं. उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘वो चाहती थीं कि हम ठीक उसी तरह एंजॉय करें, जिस तरह वो अपनी जिंदगी में करती थीं.’ इसके अलावा जनाई ने इंस्टाग्राम पर आशा भोसले का एक पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमें जनाई उनकी गोद में बैठी हैं. वहीं सिंगर इंटरव्यू दे रही हैं.
बता दें कि आशा भोसले के साथ जनाई भोसले का रिश्ता बहुत गहरा था. वो अक्सर इंस्टाग्राम पर दादी के साथ अपनी फोटोज शेयर करती रहती हैं.
बता दें कि जनाई भोसले एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाली हैं. वो जल्द ही फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत- छत्रपति शिवाजी महाराज’ में नजर आएंगी. इस फिल्म के डायरेक्टर संदीप सिंह हैं. जनाई फिल्म में छत्रपति शिवाजी महराज की पहली पत्नी, रानी साई भोसले का किरदार निभाने वाली हैं. फिल्म में लीड रोल कन्नड़ स्टार ऋषभ शेट्टी निभा रहे हैं. .



