Satya Report: Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में मक्सी रोड स्थित ग्राम करौंदिया में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया. यहां पत्थर की एक गहरी खदान में नहाने गए 9 किशोर डूब गए. राहत की बात यह रही कि 7 को समय रहते बचा लिया गया, जबकि 2 किशोरों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है. देर रात तक दोनों के शव बरामद नहीं हो सके.

जानकारी के अनुसार, सभी किशोर ऑटो रिक्शा से खदान तक नहाने पहुंचे थे. उन्हें खदान की गहराई का अंदाजा नहीं था. जैसे ही वे गहरे पानी में गए, डूबने लगे और अफरा-तफरी मच गई. होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. बचाए गए किशोरों की उम्र करीब 16 वर्ष बताई जा रही है.
2 अभी भी लापता, तलाश जारी
वहीं, अनस (16) और शुभम (16) अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है. होमगार्ड एवं एसडीआरएफ के जिला कमांडेंट संतोष कुमार जाट के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू शुरू किया गया. टीम ने अंडरवॉटर कैमरे सहित कई आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया, लेकिन खदान की गहराई (करीब 60-70 फीट) और अंधेरे के कारण बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं. .
अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन और मुश्किल हो गया है. टीम लगातार प्रयास कर रही है, लेकिन देर रात तक दोनों किशोरों का कोई पता नहीं चल सका. फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर डटी हुई है. उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही लापता किशोरों का पता लगाया जा सकेगा. इस घटना ने एक बार फिर असुरक्षित खदानों में जाने के खतरे को उजागर कर दिया है.
SDRF प्रभारी ने दी जानकारी
होमगार्ड एसडीआरएफ प्रभारी पुष्पेंद्र त्यागी ने बताया कि ग्राम करौंदिया में यह सभी दोस्त पत्थर की खदान तक ऑटो रिक्शा से नहाने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें पता नही था कि यह खदान कितनी गहरी है. वे खदान की गहराई के बिना जानकारी लिए यहां नहाने चले गए और गहराई में जाने से डूबने लगे. रेस्क्यू टीम में उनके साथ सनी परमार, सुरेश सोलंकी, महेश कुशवाहा ,विनोद पांचाल, पंकज प्रजापत, विजयपाल, विनीत सूर्यवंशी एवं गौरव पांचाल, राजेंद्र डाबी रेस्क्यू में लगे हुए हैं.



