Satya Report: मध्य प्रदेश के इंदौर से ग्वालियर वारंट तामील कराने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगे हैं. शिकायत के बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. शिकायतकर्ता ने पुलिसकर्मी पर जबरन घर का दरवाजा तोड़कर लूट करने का आरोप लगाया है. मामले में डीसीपी कुमार प्रतीक ने चार सब-इंस्पेक्टर सहित कोर्ट के मुंशी सहित पांच लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है.

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला पूर्व रिटायर्ड अधिकारी राकेश गुप्ता से जुड़ा बताया जा रहा है. डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि सब इंस्पेक्टर संजय बिश्नोई, प्रवीण भदौरिया, दिनेश जाट, रविंद्र कुशवाहा और कोर्ट मुंशी को सस्पेंड कर दिया गया है. इन पर वारंट तामील के दौरान नियमों के उल्लंघन के आरोप लगे हैं. फरियादी गौरव जैन की पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि लसूड़िया थाने में पदस्थ पांचों पुलिसकर्मी उनके घर वारंट तामील करने पहुंचे थे. .
पुलिसकर्मियों पर लगे गंभीर आरोप
आरोप है कि इस दौरान उन्होंने जबरन घर का दरवाजा तोड़कर पहले तो अंदर एंट्री ली और फिर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान लेकर चले गए. एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है. हालांकि, अधिकारी फिलहाल विस्तृत जांच पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं और अभी किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
सीसीटीवी फुटेज की जांच जारी
फरियादी पक्ष की ओर से कुछ सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को सौंपे गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है. पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए विभागीय जांच जारी है. विजयनगर एसीपी पराग सैनी मामले की जांच कर रहे हैं. इस मामले की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना में रक्षक ही भक्षक नजर आ रहे हैं. हालांकि, पूरे मामले की जांच जारी है. उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही मामले की विस्तृत जांच पूरी हो जाएगी.



