Satya Report: Siwan News: बिहार के सीवान जिले से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है. जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है. यहां एक घर में जहां शहनाइयां बजने वाली थीं और मंगल गीत गाए जा रहे थे. वहां अचानक चीख-पुकार मच गई. जीबी नगर थाना क्षेत्र के ओलीपुर गांव में दूल्हा बनने जा रहे एक युवक ने मामूली विवाद में अपनी ही सगी बुआ की हत्या कर दी और आधा दर्जन रिश्तेदारों को लहूलुहान कर दिया.

मिली जानकारी के अनुसार. घर में शादी की रस्में चल रही थीं और बारात निकलने की तैयारियां जोरों पर थीं. इसी बीच लड़की पक्ष को दिए जाने वाले ‘ज्वेलरी’ के उपहार को लेकर घर के सदस्यों के बीच अनबन शुरू हो गई. देखते ही देखते यह बहस इतनी उग्र हो गई कि दूल्हे ने अपना आपा खो दिया. गुस्से में पागल युवक ने घर में रखा धारदार चाकू उठाया और अपनी ही बुआ पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. चाकू के गहरे घाव लगने के कारण बुआ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बचाने आए रिश्तेदारों पर भी किया हमला
जब घर में कोहराम मचा और खून से लथपथ महिला जमीन पर गिरी. तो शादी में आए अन्य रिश्तेदार बीच-बचाव करने दौड़े. लेकिन सिर पर खून सवार दूल्हे ने उन पर भी रहम नहीं किया. उसने एक-एक कर छह अन्य रिश्तेदारों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस हिंसक वारदात के बाद शादी वाला घर देखते ही देखते कत्लगाह में तब्दील हो गया. .
घायलों का इलाज जारी, आरोपी फरार
सभी घायलों को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दूल्हा मौके से फरार होने में सफल रहा. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. जीबी नगर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस की कई टीमें फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. गांव में इस घटना के बाद से सन्नाटा और दहशत का माहौल है.



