Satya Report: जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की. दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई. तेज प्रताप ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी. तेजप्रताप यादव ने लिखा, आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा. मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर जी से हुई, जहां हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की.

तेजप्रताप ने आगे कहा कि बातचीत के दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई. यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं. मैं, तेज प्रताप यादव, इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में देखता हूं, जहां सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ.
आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात Prashant Kishor जी से हुई, जहाँ हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की।
इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे pic.twitter.com/ARcOHdbjHx
— Tej Pratap Yadav (@TejYadav14) April 21, 2026 .
RJD से हटाए जाने के बाद की थी JJD की स्थापना
आरजेडी से निष्कासित किए जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने पिछले साल जनशक्ति जनता दल (JJD) की स्थापना की थी. 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने महुआ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था. उनकी पार्टी 44 सीटों पर चुनाव लड़ी थी. मगर सभी सीटों पर जमानत जब्त हो गई थी. तेज प्रताप खुद चुनाव हार गए. महुआ में वो तीसरे स्थान पर रहे.
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के संजय कुमार सिंह ने उन्हें शिकस्त दी. संजय को 87641 वोट मिले जबकि RJD के मुकेश कुमार रौशन 42644 वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहे. तीसरे स्थान पर रहे तेज प्रताप यादव को 35703 वोट मिले.
प्रशांत किशोर भी चुनाव में नहीं कर पाए कुछ खास
वहीं, प्रशांत किशोर की पार्टी बिहार विधानसभा चुनाव में लगभग सभी सीटों पर चुनाव लड़ी थी. मगर एक भी सीट उसके हिस्से में नहीं आई. सभी सीटों पर उसकी जमानत जब्त हो गई. 100 से ज्यादा सीटों पर पीके की पार्टी तीसरे नंबर पर रही. चुनाव से पहले पीके ने बड़े दावे किए थे. मगर जमीन उसका बिल्कल भी असर नहीं दिखा.



