Satya Report: Satna News: मध्य प्रदेश के सतना जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. शहर के व्यस्ततम इलाकों में आज शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पागल कुत्ते ने सड़कों पर आते-जाते राहगीरों पर हमला करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते पागल कुत्ते ने करीब 40 से ज्यादा लोगों को अपना शिकार बना लिया. घायलों में बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं शामिल हैं. आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां मरीजों की भारी भीड़ के कारण इमरजेंसी वार्ड में हड़कंप की स्थिति बनी रही.

लोगों में डर का माहौल, घर के अंदर ही छिपे
चश्मदीदों के मुताबिक, कुत्ता इतना आक्रामक था कि वह लोगों के पैरों और हाथों को बुरी तरह नोंच रहा था. शहर के बीचों-बीच हुई इस घटना के बाद लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर बाहर निकले. अफरा-तफरी का आलम यह था कि लोग अपनी जान बचाने के लिए दुकानों और घरों के अंदर छिपते नजर आए. वहीं लोग जरूरी काम होने के बावजूद भी घरों से नहीं निकले. इसके इलावा जिला अस्पताल पहुंचे घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है और सभी को तत्काल एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं. अस्पताल प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त स्टाफ को तैनात किया है.
–
अचानक पीछे से कर दिया हमला
घायल सुंदर लाल साकेत ने बताया कि मैं अपने काम से मार्केट जा रहा था, तभी अचानक कुत्ते ने पीछे से हमला कर दिया. जब तक मैं संभल पाता, उसने पैर में गहरा घाव कर दिया. वहां मेरे अलावा कई और लोग भी गिरे पड़े थे, जिन्हें कुत्ते ने काटा था. वहीं जिला चिकित्सालय सतना के प्रशासक डॉ. शरद दुबे ने घटना की गंभीरता पर जोर देते हुए बताया कि पागल कुत्ते का काटना बेहद खतरनाक हो सकता है.
40 से ज्यादा लोगों को काटा
डॉ. शरद दुबे का कहना है कि आज शाम एक ही कुत्ते द्वारा करीब 40 से ज्यादा लोगों को काटे जाने का मामला सामने आया है. हमने सभी का उपचार शुरू कर दिया है. रेबीज एक बेहद घातक और जानलेवा बीमारी है, जिसका समय पर इलाज न मिलने पर परिणाम भयानक हो सकते हैं. सभी पीड़ितों को एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई जा रही है और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया है. .
–
एक साथ इतनी बड़ी संख्या में लोगों के शिकार होने के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम के प्रति भारी आक्रोश है. लोगों का कहना है कि आवारा और पागल कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिसका खामियाजा आज मासूम जनता को भुगतना पड़ा. फिलहाल नगर निगम की टीम कुत्ते को पकड़ने के प्रयास में जुटी है.



