Crime

बदनामी के डर से पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, प्रेम प्रसंग से था नाराज

Satya Report: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नगीना क्षेत्र से ‘ऑनर किलिंग’ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी ही 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी, क्योंकि वह उसके प्रेम प्रसंग से नाराज था। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

बदनामी के डर से पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, प्रेम प्रसंग से था नाराज
बदनामी के डर से पिता ने की नाबालिग बेटी की हत्या, प्रेम प्रसंग से था नाराज

घटना बिंजाहेड़ी गांव की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगीना) राजेश सिंह ने बताया कि गांव के रहने वाले नजाकत ने अपनी बेटी आयशा (17) की गला घोंटकर हत्या कर दी। नजाकत दिल्ली की एक बेकरी में काम करता है और हाल ही में अपने घर लौटा था।

गांव के ही युवक के साथ रिश्ते में थी युवती

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। जानकारी के अनुसार, आयशा गांव के ही एक युवक के साथ रिश्ते में थी। परिवार के लोग इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे और आयशा को उस लड़के से दूरी बनाने के लिए कह रहे थे। बुधवार को नजाकत ने एक बार फिर अपनी बेटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब आयशा ने रिश्ता खत्म करने से साफ इनकार कर दिया, तो नजाकत आपा खो बैठा।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि समाज में बदनामी के डर और गुस्से में आकर उसने बेटी का गला घोंट दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। .

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply