Satya Report: Faridabad murder case: हरियाणा के फरीदाबाद में अनीता देवी मर्डर केस में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी ब्रहमजीत ने बेहद सुनियोजित तरीके से इस हत्या को अंजाम दिया. महज दो दिनों में उसने पूरी साजिश रच ली थी और ऐसी जगह की तलाश की, जहां दिन के समय भी कोई आवाजाही न हो.

जांच के मुताबिक, आरोपी ने पहले अनीता देवी को अपने झांसे में लेकर घर से बाहर बुलाया. 15 अप्रैल की सुबह उसने फोन कर उन्हें मिलने के लिए कहा और बहाने से बिजली दफ्तर तक साथ ले गया, जहां अनीता ने अपना बिल भी जमा किया. इसके बाद वह उन्हें बाइक पर बैठाकर गांव मोहला के जंगल की ओर ले गया, जहां पहले से ही उसने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी.
गर्दन दबाकर हड्डी तोड़ी
जंगल में पहुंचने के बाद दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया. गुस्से में आकर ब्रहमजीत ने अनीता को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. उसने पैर से उनकी गर्दन दबाकर हड्डी तोड़ दी. जब इसके बाद भी अनीता की सांस चल रही थी, तो आरोपी ने उन्हें पास ही बह रहे गंदे नाले में फेंक दिया, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौत हो गई. .
हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए आरोपी ने अनीता के कपड़े भी उतार दिए. घटनास्थल से पुलिस को केवल साड़ी और मंगलसूत्र ही बरामद हुआ. नाले में जलकुंभी होने के कारण शव छिप गया, जिससे उसे तुरंत खोज पाना मुश्किल हो गया.
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अनीता (45) और ब्रहमजीत (22) के बीच करीब डेढ़ साल से संबंध थे. दोनों की मुलाकात खेतों में आने-जाने के दौरान हुई थी. हालांकि, ब्रहमजीत की जनवरी 2025 में शादी हो चुकी थी और उसकी एक छोटी बच्ची भी है, इसके बावजूद वह अनीता के संपर्क में बना हुआ था. पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. बताया जा रहा है कि अनीता उसे परिवार को सच्चाई बताने की धमकी दे रही थी, जिससे छुटकारा पाने के लिए उसने हत्या की योजना बनाई.
18 अप्रैल को अनीता का शव नाले से बरामद हुआ
18 अप्रैल को अनीता का शव गांव मोहला के जंगल में एक नाले से बरामद हुआ. परिवार ने उनके लापता होने की शिकायत पहले ही दर्ज कराई थी. इस मामले में एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि हत्या के बाद आरोपी अपने घर पहुंचा और अपने पिता को पूरी घटना बताई. पिता ने भी उसका साथ देते हुए उसे बचाने की कोशिश की और पलवल तक छोड़ने गया. हालांकि, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है और आगे की पूछताछ जारी है.



