Satya Report: Jabalpur News: आज के डिजिटल युग में ‘लाइक्स’ और ‘व्यूज’ की होड़ युवाओं के जीवन पर भारी पड़ रही है. रील्स बनाने का जुनून किशोरों को जोखिम भरे स्थानों पर ले जाता है, जहां एक पल की लापरवाही जिंदगी भर का मातम बन जाती है. नहरें, ऊंचे पहाड़ या रेलवे ट्रैक कोई स्टूडियो नहीं हैं. वहां की परिस्थितियां अनियंत्रित होती हैं. जब हमारा ध्यान कैमरे के लेंस और पोज देने पर होता है, तब हम अपने आसपास के वास्तविक खतरों जैसे पानी की गहराई या तेज बहाव को भांपने में चूक जाते हैं और यही हुआ जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र के सालीबाड़ा गांव में. रील्स, वीडियो बनाने के चक्कर में तीन मासूम बच्चियां पानी की तेज धार में बह गईं. करीब 6 घंटे बाद दो बच्चों के शव बरामद कर दिए गए और एक अब भी लापता है.

5 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
दरअसल, यह पूरी घटना जबलपुर जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर बरगी थाना क्षेत्र के सालीवाडा गांव की है. सालीवाड़ा स्थित नहर में नहाने के दौरान चार लड़कियां गहरे पानी में बह गईं. इस हादसे में एक लड़की को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि तीन लड़कियां लापता हो गईं. करीब 5 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक की तलाश अब भी जारी है.
–
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लापता बच्चियों की पहचान 16 वर्षीय शीतल पटेल, 14 वर्षीय तनु पटेल और 14 वर्षीय सानिया पटेल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि इनमें से दो बच्चियां ग्राम कटिया घाट और एक सालीवाड़ा की रहने वाली थी. सभी बच्चियां सालीवाड़ा में एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं.
गहरे पानी में चली गई थीं बच्चियां
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है. नहर किनारे मौजूद लोगों के मुताबिक, कुछ बच्चियां नहा रही थीं, जबकि उनकी एक सहेली किनारे खड़े होकर मोबाइल से रील बना रही थी. इसी दौरान नहाते समय चारों बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं. बाहर खड़ी लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए एक बच्ची को बचा लिया, लेकिन बाकी तीन गहरे पानी में बह गईं.
–
मौके पर मौजूद लोगों ने भी बच्चियों को बचाने की कोशिश की. एक महिला ने अपनी साड़ी का पल्लू फेंककर उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण प्रयास सफल नहीं हो सके. देखते ही देखते घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. .
बरगी बांध से पानी बंद कराया गया
सूचना मिलते ही बरगी थाना पुलिस, तहसीलदार और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया. साथ ही SDRF और SDERF की टीमों को भी बुलाया गया. रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत नहर में पानी का बहाव कम करने के लिए बरगी बांध से पानी भी बंद कराया गया. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से चेन बनाकर सर्चिंग अभियान शुरू किया गया. करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद दो बच्चियों के शव बरामद कर लिए गए, जबकि तीसरी बच्ची की तलाश देर शाम तक जारी रही. प्रशासन का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है और जल्द ही तीसरी बच्ची को भी ढूंढ लिया जाएगा.
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
थाना प्रभारी नीलेश दोहरे के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि बच्चियां नहाने के बाद फोटो और वीडियो बना रही थीं. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि हादसे के समय वे रील शूट कर रही थीं या नहीं. पूरे मामले की जांच की जा रही है. इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर लापरवाही और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.



