Satya Report: साल 2038 में होने वाले एशियन गेम्स को लेकर भारत ने बड़ा कदम उठाने के साथ इसकी मेजबानी करने की इच्छा को जाहिर कर दिया है। साल 2030 में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी जहां अहमदाबाद में की जाएगी, जिसके साथ ही 2036 में ओलंपिक की मेजबानी को लेकर भी भारत प्रयास करेगा। वहीं अब एशियन गेम्स 2038 को लेकर एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट यानी इच्छा की अभिव्यक्ति को आधिकारिक रूप से जमा कर दिया गया है।

आईओए अधिकारी ने दी जानकारी
भारतीय ओलंपिक संघ ने हाल में 2038 खेलों की मेजबानी के लिए अपनी इच्छा की अभिव्यक्ति एशियाई ओलंपिक परिषद यानी ओसीए को सौंपी है। इस महाद्वीपीय ओलंपिक संस्था ने 21 अप्रैल को चीन के सान्या शहर में हुई अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक में भारत की एशियन गेम्स 2038 की मेजबानी को लेकर इच्छा पर चर्चा की थी। यहीं पर 22 अप्रैल से एशियन बीच गेम्स का भी आगाज हुआ था। एशियन गेम्स 2038 की मेजबानी की इच्छा को लेकर भारतीय ओलंपिक संघ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर ने 24 अप्रैल को जानकारी दी कि हमने इच्छा की अभिव्यक्ति जमा कर दी है और ओसीए ने अपनी कार्यकारी बोर्ड की बैठक में इस पर चर्चा भी की है। अगर देश को इन गेम्स की मेजबानी करने का मौका मिलता है तो इसका आयोजन अहमदाबाद में किया जाएगा।
साल 1982 में मिली थी पिछली बार मेजबानी
एशियन गेम्स 2038 की मेजबानी के लिए भारत को कई देशों से मुकाबले का सामना करना पड़ सकता है, इसमें साउथ कोरिया और मंगोलिया का नाम सबसे आगे है। हालांकि दोनों ने अब तक एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट जमा नहीं किया है। भारत को पिछली बार एशियन गेम्स की मेजबानी करने का मौका साल 1982 में मिला था, जब दिल्ली में इसका आयोजन किया गया था। वहीं साल 1951 में जब पहली बार एशियन गेम्स हुआ था तो उस समय भी दिल्ली ने ही इसकी मेजबानी की थी। इन गेम्स में 45 देशों के 10 हजार से अधिक एथलीट हिस्सा लेते हैं। बता दें कि साल 2026 में होने वाले एशियन गेम्स का आयोजन आइचीनागोया में किया जाएगा, जबकि इसके बाद साल 2030 में रियाद और फिर 2034 में दोहा में एशियन गेम्स होंगे।



