Satya Report: टेलीविजन और फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस नेहा पेंडसे ने हाल ही में अपने जीवन के एक बेहद डरावने अनुभव को शेयर किया। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने मुंबई में हुई एक छेड़छाड़ की घटना को याद करते हुए बताया कि वह उनके जीवन का सबसे डरावना पल था।

हाउटरफ्लाई को दिए गए इंटरव्यू में नेहा ने बताया कि यह घटना उस समय की है जब वह सुबह के वक्त मुंबई की एक व्यस्त सड़क पर जॉगिंग कर रही थीं। तभी सामने से आ रही एक कार ने अचानक रुककर उनसे रास्ता पूछने की कोशिश की।
नेहा के अनुसार, आवाज ठीक से सुनाई न देने के कारण वह थोड़ी करीब चली गईं। इसी दौरान उस व्यक्ति ने अचानक उनके साथ गलत हरकत की और तुरंत वहां से गाड़ी लेकर भाग गया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि उन्हें कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला।
घटना के बाद नेहा ने घबराने की बजाय तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपनी कार की रिमोट की से उस व्यक्ति की गाड़ी पर मारा, जिससे वह गाड़ी कुछ पल के लिए रुक गई।
नेहा ने उस पल को याद करते हुए कहा कि जब गाड़ी रुक गई और व्यक्ति ने पीछे मुड़कर देखा, तो वह स्थिति उनके लिए और भी डरावनी हो गई। उन्होंने बताया कि एक पल के लिए उन्हें लगा कि अगर वह व्यक्ति और कुछ गलत कर देता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। कुछ ही सेकंड बाद वह व्यक्ति गाड़ी लेकर वहां से भाग गया।
इस घटना के बारे में बताते हुए नेहा ने कहा, “मेरे हाथ में गाड़ी की चाबी थी, मेरी क्रूज गाड़ी थी और उसका इतना बड़ा सा ब्लॉक रिमोट होता है। वो मैंने जोर से दे मारा उनकी गाड़ी पर तो वो पीछे की स्क्रीन पर लगा। अब लगा तो उन्होंने जोर से मारा ब्रेक और मेरी तब हालत खराब हुई। अगर इसने गाड़ी रिवर्स ले ली और कुछ कर दिया तो मैं करने वाली थी। वो एक सेकंड के लिए रुका और जैसे उसने देखा कि उसके पीछे की कांच टूटी नहीं है तो तेजी से गाड़ी भगा ली। लेकिन वो एक सेकंड मेरी जिंदगी का सबसे डरावना पल था।”
इसी बातचीत में नेहा पेंडसे ने अपने निजी जीवन से जुड़े एक पहलू पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक उन्हें मां बनने जैसी भावना नहीं महसूस हुई, लेकिन बाद में उन्होंने एग फ्रीज कराने का फैसला लिया। उनके पति शार्दुल सिंह बायस ने भी इस फैसले का पूरा समर्थन किया।



