Satya Report: Jhansi murder case: उत्तर प्रदेश के झांसी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां रक्सा थाना क्षेत्र के ढिमरपुरा में एक पिता ने अपने ही तीन साल के मासूम बेटे की बेरहमी से चाकू मारकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतक पिता प्रेम सिंह देर रात एक शादी समारोह से घर लौटा था. उस समय वह शराब के नशे में धुत था. घर पहुंचने के बाद उसकी पत्नी आशा से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने के बाद पत्नी सोने चली गई, लेकिन इसी बीच प्रेम सिंह ने अपने मासूम बेटे को मां के पास से उठाया और उसे कमरे में ले गया. इसके बाद उसने वह खौफनाक कदम उठा लिया, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी.
तड़प रहा था बेटा
पत्नी आशा ने बताया कि देर रात जब उसका बेटा दूध पीने के लिए उसके पास नहीं आया, तो उसे चिंता हुई. शक होने पर उसने कमरे की खिड़की से अंदर झांककर देखा, जहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए. अंदर उसका पति फांसी के फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसका मासूम बेटा खून से लथपथ जमीन पर पड़ा तड़प रहा था. उसने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद उसने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. कमरे का दृश्य इतना भयावह था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति सन्न रह गया. पुलिस ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मासूम बच्चे की मौत हो चुकी थी और पिता का शव फंदे से लटका मिला.
गांव में हड़कंप मचा
घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. मृतक की पत्नी ने बताया कि पति की शराब की आदत अक्सर घर में विवाद का कारण बनती थी. वहीं परिवार के अन्य सदस्यों और बेटी कशिश ने भी इस भयावह घटना को अपनी आंखों से देखने की बात कही है.
सीओ सदर रामवीर सिंह के अनुसार, पुलिस को 112 पर आत्महत्या की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचकर जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का दृश्य बेहद चौंकाने वाला था. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



