Satya Report: अप्रैल में सूरज की तपिश बढ़ने से घर की छत गर्म होने लगती है। वहीं धूप और तापमान बढ़ने से बालकनी और टेरेस गार्डन भी तपने लगता है। ऐसे में न केवल यहां बैठना मुश्किल हो जाता है बल्कि पौधे भी सूखने लगते हैं। बालकनी को ठंडा रखने के लिए कुछ लोग पंखा भी लगवा लेते हैं, लेकिन उसकी गर्म हवा शरीर को आराम देने की बजाय बेचैन करने लगती है। ऐसे में आप कुछ तरीके अपना सकते हैं जिससे आपकी बालकनी और टेरेस गार्डन को गर्मी में ठंडा रखने में मदद मिल सकती हैं।

बालकनी और टेरेस गार्डन में लगाएं ग्रीन नेट
सीधी धूप बालकनी और टेरेस गार्डन पर पड़ने से रोकने के लिए आप ग्रीन नेट लगा सकते हैं। इसे लगाने से छत से लेकर बालकनी और टेरेस गार्डन की सतह ज्यादा गर्म नहीं होती है। इससे नीचे घर के कमरों में भी ज्यादा गर्मी नहीं होती है। इसके अलावा आप बालकनी को ठंडा रखने के लिए कपड़े का शेड लगा सकते हैं। टेरेस गार्डन के लिए चटाई या छतरी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
छोटी क्यारी बनाएं
बालकनी और टेरेस गार्डन को ठंडा रखने के लिए आप छोटी क्यारी बनाएं। ऐसा करने से सीधी धूप सतह पर नहीं पड़ती है। पौधे तापमान को कम करने में मदद करते हैं। जब पौधों में पानी दिया जाता है तो वाष्पीकरण होता है। इससे सतह का तापमान करने में मदद मिल सकती है। इसमें आप समयसमय पर पानी का छिड़काव करते रहें। जब आप इनके पास बैठेंगे तो आपको ठंडक का अहसास होगा।
फर्श पर पुराना कार्पेट, जूट की बोरियां डालें
गर्मियों में बालकनी और टेरेस गार्डन को ठंडा रखने के लिए आप पुराना कार्पेट बिछा सकते हैं। इसके अलावा जूट की बोरियां भी डाल सकते हैं। इनके ऊपर पानी का छिड़काव करने से तापमान कम करने और सतह को ठंडा करने में मदद मिलेगी। यह बिना बिजली की खपत किए नमी और ठंडक रखने का तरीका है।



