Satya Report: मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के पनियरा स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक कर्मचारी का मोबाइल रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। पीड़ित कर्मचारी के अनुसार, वह रात में मोबाइल सिरहाने रखकर सोया था, लेकिन सुबह उठने पर मोबाइल गायब मिला।

शक होने पर जब पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो जो तस्वीर सामने आई, उसने सभी को हैरान कर दिया। फुटेज में साफ दिख रहा है कि सुबह करीब 4:25 बजे एक बाइक सवार पेट्रोल पंप के सामने रुकता है। वह पहले आसपास नजर दौड़ाता है, फिर धीरेधीरे सो रहे कर्मचारी के पास पहुंचता है।
मोबाइल चोरी करते पकड़ा गया कथित पुलिसकर्मी
कुछ पल तक इधरउधर देखने के बाद वह व्यक्ति कर्मचारी के सिरहाने रखा मोबाइल उठाता है, उसे जेब में रखता है और मौके से फरार हो जाता है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति पुलिस की वर्दी में नजर आ रहा है, जिससे लोगों के मन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
यहां देखें वीडियो
सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कोई कह रहा है “जब रक्षक ही भक्षक बन जाए तो आम आदमी कहां जाए?”। तो कोई सीधे तौर पर पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है। लोग बोल रहे “अब पुलिस ही चोरी करेगी तो सुरक्षा कौन देगा?”। वहीं कुछ लोग तंज कसते हुए कह रहे हैं कि “क्या वर्दी वालों की तनख्वाह इतनी कम हो गई है कि चोरी करनी पड़ रही है?”
पुलिस का पक्ष नहीं आया सामने
फिलहाल इस मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि होमगार्ड परीक्षा में व्यस्तता के चलते अभी तक संबंधित अधिकारी प्रतिक्रिया नहीं दे सके हैं। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की मांग तेज हो गई है।
वायरल वीडियो ने जहां एक ओर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं यह घटना आम लोगों के भरोसे को भी झकझोर रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर वर्दी में दिख रहा यह शख्स कौन है और उसके खिलाफ क्या कदम उठाए जाते हैं।
ः



