Satya Report: Warning For Stock Market: दुनियाभर के शेयर बाजार इस समय रिकॉर्ड ऊंचाइयों पर हैं. लेकिन, बैंक ऑफ इंग्लैंड की डिप्टी गवर्नर सारा ब्रीडेन ने चेतावनी दी है कि ये तेजी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकती. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि मौजूदा शेयर कीमतों में वैश्विक अर्थव्यवस्था पर मंडरा रहे खतरों को नजरअंदाज किया जा रहा है और आगे चलकर बाजारों में बड़ी गिरावट आ सकती है.

रिकॉर्ड स्तर पर दुनिया भर के बाजार
अमेरिका में वॉल स्ट्रीट लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है. S&P 500 इंडेक्स 7,168.59 के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा, जबकि Nasdaq कम्पोजिट 24,854.04 तक गया है. पिछले एक साल में S&P 500 करीब 30% और Nasdaq लगभग 42% चढ़ चुका है. जापान का Nikkei 225 पहली बार 60,000 के पार निकल गया है. दक्षिण कोरिया का Kospi भी रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा है. भारत में भी अप्रैल 2026 में Sensex और Nifty करीब 7% तक उछले हैं. ब्रिटेन का FTSE 100 इंडेक्स भी 10,379.08 पर है और एक साल में 23% से ज्यादा बढ़ चुका है.
सारा ब्रीडेन ने क्या कहा?
बैंक ऑफ इंग्लैंड की डिप्टी गवर्नर सारा ब्रीडेन ने कहा कि दुनिया में कई तरह के जोखिम हैं. लेकिन, एसेट प्राइस रिकॉर्ड हाई पर हैं. हमें लगता है कि किसी समय इसमें सुधार जरूर आएगा. उन्होंने कहा कि उन्हें सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि अगर कई खतरे एक साथ सामने आ गए जैसे बड़ा आर्थिक झटका, प्राइवेट क्रेडिट मार्केट में भरोसा टूटना, AI शेयरों की वैल्यूएशन गिरना, तो क्या वित्तीय सिस्टम इसके लिए तैयार है?
‘शैडो बैंकिंग’ पर भी चिंता
ब्रीडेन ने प्राइवेट क्रेडिट मार्केट यानी ‘शैडो बैंकिंग’ सेक्टर को भी बड़ा जोखिम बताया है. उन्होंने कहा कि पिछले 1520 सालों में ये सेक्टर शून्य से बढ़कर 2.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया है. लेकिन, इतने बड़े स्तर पर इसकी कभी परीक्षा नहीं हुई.
AI निवेश पर भी सवाल
रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर सैकड़ों अरब डॉलर खर्च कर रही हैं. हालांकि Nvidia के फाउंडर जेन्सन हुआंग बाजार की चिंताओं को खारिज करते हैं. लेकिन माइक्रोसॉफ्ट के सहसंस्थापक बिल गेट्स ने इसे ‘फ्रेंजी’ बताया है.
निवेशकों के लिए क्या संकेत?
मार्केट एनालिस्ट का मानना है कि अगर बाजारों में तेज गिरावट आती है तो उसका असर वैश्विक अर्थव्यवस्था और निवेशकों दोनों पर पड़ सकता है. ऐसे में निवेशकों को सावधानी बरतने और सोचसमझकर निवेश करने की जरूरत है.



