Satya Report: दिल्ली के पॉश इलाके कैलाश हिल्स में IRS अधिकारी की बेटी की नृशंस हत्या के मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. वारदात को अंजाम देकर घर से भागते हुए आरोपी राहुल मीणा ने सबसे पहले अपने भाई को फोन किया था. CCTV फुटेज में फोन पर बात करते हुए भाग रहे राहुल ने घबराते हुए अपने भाई से कहा मैंने दिल्ली में कांड कर दिया है, अब पुलिस मुझे पकड़ लेगी… मैं अब मरने वाला हूं.

पुलिस जांच में सामने आया है कि राहुल मीणा ने महज कुछ ही घंटों के भीतर दो अलगअलग राज्यों में जघन्य अपराधों को अंजाम दिया. मंगलवार रात 10:30 बजे राहुल सबसे पहले अलवर में एक पड़ोसी के घर में घुसा. वहां उसने दोस्त की पत्नी के साथ मारपीट की और कथित तौर पर उसका बलात्कार किया. पूछताछ में उसने वहां जाने की बात तो मानी, लेकिन रेप के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह सिर्फ अपना मोबाइल लेने गया था.
बुधवार सुबह 6:30 बजे अलवर से करीब 200 किलोमीटर का सफर तय कर वह दिल्ली के कैलाश हिल्स पहुंचा. सुबह करीब 6:39 बजे, जब अधिकारी और उनकी पत्नी मॉर्निंग वॉक पर थे, राहुल उनके घर में दाखिल हुआ और उनकी बेटी की हत्या कर दी.
पुलिस जांच और साक्ष्य
पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में राहुल फोन पर बात करते हुए भागता दिख रहा है, जिससे उसकी लोकेशन और इरादों का पता चला. आरोपी और पीड़िता दोनों के मोबाइल फोन फिलहाल गायब हैं. पुलिस का मानना है कि इन फोन की बरामदगी से कई और राज खुल सकते हैं. अपने भाई से बात करते हुए राहुल के मन में पुलिस की गिरफ्तारी और कानूनी अंजाम का गहरा डर साफ झलक रहा था.



