IndiaUttar Pradesh

जयमाला के बाद आई बॉयफ्रेंड की याद तो शादी से मुकरी दुल्हन, प्रेमी के घर पहुंच गई

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां औंग थाना क्षेत्र के एक गांव में जयमाला के बाद दुल्हन ने कीटनाशक दवा पी ली और दूल्हे से शादी से इनकार करते हुए अपने प्रेमी से विवाह करने की बात कही। मामला प्रेमी तक पहुंचा तो उसने भी युवती से शादी करने से इनकार कर दिया। उधर, दूल्हे भी शादी से मना करते हुए बारात वापस ले गया। दोनों जगह से ठुकराए जाने के बाद युवती जबरन प्रेमी के घर में घुस गई और प्रेमी से शादी करने पर अड़ गई। घरवालों ने गुजरात मे काम कर रहे प्रेमी को फोन कर घर बुलाया है।
फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती की शादी बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के रजीपुर के रहने वाले छेदीलाल निषाद से तय हुई थी। बैंड बाजे के साथ बड़े ही धूमधाम से बारात लड़की के गांव पहुंची जहां लड़की वालों ने अगवानी की रस्म पूरी करते हुए बारातियों का स्वागत किया। इसके बाद बड़ी ही धूमधाम से जयमाला कार्यक्रम संपन्न हुआ। लेकिन अगले ही पल लड़की घर के अंदर गई और उसने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर घर वालों को पता चला जिसमें हड़कंप मच गया। हालांकि घर में ही उसका इलाज हो गया और तबीयत ठीक हो गई। लेकिन इसके बाद दुल्हन ने शादी से मना कर दिया।
वह अपने प्रेमी से शादी करने पर अड़ी रही। इस बात को सुनकर पूरे शादी समारोह में सन्नाटा छा गया। दूल्हा पक्ष के लोग भी परेशान हो गए क्योंकि दुल्हन का प्रेमी उसके ही गांव का रहने वाला एक युवक निकला। घर वालों ने पता किया तो पता चला युवती का प्रेमी अभी गुजरात में हैं। घर वालों ने युवती के प्रेमी से फोन पर संपर्क किया तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इस पर दुल्हन फिर से दूल्हे के साथ शादी करने को तैयार हो गई लेकिन अब दूल्हे ने युवती से शादी करने से मना कर दिया और धमकी दी कि अगर जबरन शादी की गई तो वह जहर खा कर जान दे देगा।
इसके बाद दूल्हा पक्ष के लोग बारात लेकर वापस लौट गए। रात भर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सुबह दुल्हन अपने परिजनों के साथ प्रेमी के घर में घुस गई और वही रहने की जिद करने लगी। जबकि प्रेमी के घर वालों ने लड़की को अपने घर से बाहर निकाल दिया। अब सूचना पुलिस तक पहुंची तो मौके पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply