BusinessIndia

Explainer: OPEC से UAE बाहर, क्या कम होंगे तेल के दाम, क्या है कार्टेल का खेल?

Satya Report: OPEC से संयुक्त अरब अमीरात के बाहर निकलने का फैसला वैश्विक ऊर्जा और भूराजनीति के समीकरण बदलने वाला कदम माना जा रहा है. यह सिर्फ तेल उत्पादन कोटे का मुद्दा नहीं, बल्कि बढ़ते होर्मुज स्ट्रेट संकट और ईरान संघर्ष के बीच रणनीतिक बदलाव का संकेत है. इस कदम से तेल बाजार, कीमतों और ग्लोबल गठबंधनों पर दूरगामी असर पड़ने की आशंका है. संयुक्त अरब अमीरात का OPEC से बाहर निकलना ग्लोबल एनर्जी मार्केट के लिए एक निर्णायक मोड़ बन सकता है. यह फैसला ऐसे समय आया है जब दुनिया पहले ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आपूर्ति बाधाओं और ईरान से जुड़े तनाव के कारण ऊर्जा संकट का सामना कर रही है. आने वाले दिनों में यूएई के तेल कार्टेल से बाहर जाने का असर क्या होगा कितना होगा आइए उसे डिटेल में समझते हैं.

Explainer: OPEC से UAE बाहर, क्या कम होंगे तेल के दाम, क्या है कार्टेल का खेल?
Explainer: OPEC से UAE बाहर, क्या कम होंगे तेल के दाम, क्या है कार्टेल का खेल?

OPEC तेल उत्पादक देशों का एक समूह है, जो मिलकर वैश्विक तेल सप्लाई और कीमतों को प्रभावित करता है. कार्टेल का मतलब है ऐसी संस्थाएं जो प्रतिस्पर्धा कम करके बाजार को नियंत्रित करती हैं. OPEC सदस्य देश उत्पादन कोटा तय कर कीमतों को स्थिर या अपने हित में बनाए रखने की कोशिश करते हैं. यह एक तरीके से कार्टेल की तरह ही काम करता है OPEC लंबे समय से तेल उत्पादन को नियंत्रित कर कीमतों को स्थिर रखने की कोशिश करता रहा है. लेकिन UAE के बाहर निकलने से इस कार्टेल की क्षमता पर सीधा असर पड़ेगा. UAE न सिर्फ बड़े उत्पादकों में शामिल है, बल्कि उसके पास अतिरिक्त उत्पादन क्षमता भी है, जो बाजार में अचानक झटकों को संभालने में मदद करती थी. अब उसके बाहर जाने से OPEC का नियंत्रण कमजोर होना तय माना जा रहा है. एक्सपर्ट का मानना है कि इससे तेल उत्पादन में समन्वय मुश्किल होगा. पहले जहां सदस्य देश मिलकर उत्पादन घटाते या बढ़ाते थे, अब प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है. इससे बाजार अधिक अस्थिर हो सकता है.

क्यों लिया UAE ने यह फैसला?

UAE का यह कदम सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि आर्थिक रणनीति का हिस्सा भी है. देश ने हाल के वर्षों में अपने तेल उत्पादन ढांचे में भारी निवेश किया है और उसकी क्षमता लगभग 50 लाख बैरल प्रतिदिन तक पहुंच चुकी है. OPEC के उत्पादन कोटे UAE के लिए बाधा बन रहे थे, क्योंकि इससे वह अपनी पूरी क्षमता का लाभ नहीं उठा पा रहा था. अब कार्टेल से बाहर निकलकर UAE अपनी उत्पादन नीति स्वतंत्र रूप से तय कर सकेगा और ग्लोबल मांग के अनुसार सप्लाई बढ़ा सकेगा. अल्पकाल में इसका असर सीमित रह सकता है. इसकी वजह यह है कि फिलहाल सबसे बड़ी समस्या उत्पादन नहीं, बल्कि लॉजिस्टिक्स है. होर्मुज स्ट्रेट में रुकावटों के कारण तेल की आवाजाही प्रभावित हो रही है.

तेल कीमतों पर असर

UAE के बाहर निकलने से तेल कीमतों पर मिश्रित प्रभाव पड़ सकता है. एक ओर, उत्पादन बढ़ने से कीमतों पर दबाव आ सकता है और लंबी अवधि में कीमतें $5$10 प्रति बैरल तक गिर सकती हैं. दूसरी ओर, मौजूदा हालात में कीमतें मुख्य रूप से भूराजनीतिक जोखिमों से प्रभावित हैं. ईरान संघर्ष और सप्लाई रूट्स में बाधा जैसे कारक कीमतों को ऊंचा बनाए रख सकते हैं. इसका मतलब है कि बाजार अब पहले से ज्यादा अनिश्चित और अस्थिर हो सकता है, जहां कीमतें कार्टेल के फैसलों से नहीं, बल्कि घटनाओं से तय होंगी. इसका उदाहरण 30 अप्रैल 2026 को देखने को भी मिल गया. जब राष्ट्रपति ट्रंप ने एक के बाद एक 3 पोस्ट शेयर की तो ऑयल मार्केट हिल गया और क्रूड ऑयल के दाम 120 डॉलर को पार कर गए. जबकि, कार्टेल में कोई ऐसा फैसला नहीं हुआ कि तेल के दाम पर इतना असर पड़े.

खाड़ी क्षेत्र में बढ़ती दरार

यह फैसला सऊदी अरब और UAE के बीच बढ़ते मतभेदों को भी उजागर करता है. सऊदी अरब OPEC का नेतृत्व करता रहा है, लेकिन UAE अब अपनी स्वतंत्र रणनीति अपनाने की ओर बढ़ रहा है. ईरान से जुड़े सुरक्षा मुद्दों और क्षेत्रीय संघर्षों ने इस दरार को और गहरा कर दिया है. UAE ने हाल के वर्षों में अमेरिका और इज़राइल के साथ अपने संबंध मजबूत किए हैं, जिससे उसकी रणनीतिक दिशा स्पष्ट होती है. इससे यह भी संकेत मिलता है कि तेल नीति अब सिर्फ आर्थिक नहीं, बल्कि सुरक्षा और विदेश नीति का हिस्सा बन चुकी है.

क्या OPEC का अंत शुरू हो गया है?

UAE पहला देश नहीं है जिसने OPEC छोड़ा है. इससे पहले कतर, इक्वाडोर और अंगोला भी बाहर निकल चुके हैं. लेकिन उनका प्रभाव सीमित था. UAE का मामला अलग है क्योंकि यह बड़े और प्रभावशाली उत्पादकों में शामिल है. इससे यह सवाल उठता है कि क्या OPEC धीरेधीरे कमजोर होता जाएगा. विशेषज्ञों का मानना है कि OPEC अचानक खत्म नहीं होगा, लेकिन उसकी पकड़ ढीली पड़ सकती है. सदस्य देश अपने हितों के अनुसार नियमों का पालन करेंगे, जिससे कार्टेल की एकजुटता कमजोर होगी.

भारत जैसे इंपोर्टर्स के लिए क्या मायने?

भारत जैसे बड़े तेल आयातकों के लिए यह स्थिति अवसर और जोखिम दोनों लेकर आती है. एक तरफ, बढ़ती प्रतिस्पर्धा से सस्ते तेल और बेहतर सप्लाई डील्स मिल सकती हैं. दूसरी ओर, बाजार में बढ़ती अस्थिरता से सप्लाई सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है. लंबी अवधि में यह बदलाव ऊर्जा रणनीतियों को भी प्रभावित करेगा. अगर तेल सस्ता होता है, तो नवीकरणीय ऊर्जा की ओर बढ़ने की गति धीमी हो सकती है. लेकिन यदि अस्थिरता बढ़ती है, तो देश ऊर्जा विविधीकरण पर ज्यादा ध्यान देंगे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply