Satya Report: Agra News: उत्तर प्रदेश की आगरा में एक फिर कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक सिरफिरे आशिक की शर्मनाक करतूत सामने आई है. थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में एकतरफा प्रेम में पागल युवक ने घर में घुसकर युवती को जबरन घसीटने और अगवा करने का प्रयास किया. इस करतूत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक पिछले काफी समय से युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था. 28 अप्रैल को वह अपने परिजनों के साथ युवती के घर पहुंचा था, लेकिन युवती के परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया. परिजनों के मना करने से बौखलाया आरोपी उसी रात दोबारा युवती के घर आ धमका. देर रात आरोपी घर की दीवार फांदकर अंदर घुसा और युवती को जबरन पकड़कर घसीटते हुए बाहर ले जाने लगा.
आरोपी और उसकी मां को हिरासत में ली गई
घर में मौजूद छोटी बहन ने आरोपी को रोकने की कोशिश की और शोर मचाया, लेकिन दबंगई पर उतारू आरोपी नहीं रुका. युवती की चीखपुकार और छीनाझपटी का यह खौफनाक मंजर वीडियो कैमरे में कैद हो गया. वीडियो वायरल होते ही आगरा पुलिस तुरंत हरकत में आ गई. पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी युवक और उसकी मां को हिरासत में ले लिया है.
‘किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा’
पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है, ताकि सभी दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके. पुलिस ने बताया किमामला संज्ञान में आते ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मुख्य आरोपी और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. घटना से युवती का परिवार काफी डरा हुआ है.



