Satya Report: गर्मी में दही जल्दी खट्टा हो जाता है। इसके स्वाद को बरकरार रखने आपको इसे स्टोर करने के सही तरीके पता होने चाहिए। ऐसा करने से आप इसे लंबे समय तक फ्रेश रख पाएंगे। गर्मियों में तापमान ज्यादा होने की वजह से दही में किण्वन की वजह से जीवाणुओं की गतिविधियां तेजी से बढ़ जाती हैं। ऐसे में दूध की शर्करा बहुत जल्दी लैक्टिक एसिड में बदलने लगती है। साथ ही दही में अम्लता तेजी से बढ़ने के कारण दही का स्वाद पहले से ज्यादा खट्टा हो जाता है। आइए जानें गर्म मौसम में दही को खट्टा होने से बचाने के लिए क्या सावधानियां बरतें।

स्टार्टर कल्चर यानी जामन कम मिलाएं
सर्दियों की तुलना में दही को जमाने के लिए गर्मियों में आपको कम स्टार्टर कल्चर यानी जामन का इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही दूध के तापमान का भी ध्यान रखें। अगर दही जमाते समय दूध बहुत अधिक गर्म होगा तो भी दही खट्टी हो जाएगी। ऐसे में दूध को केवल उतना गर्म रखें जिसे आप उसे आराम से छू सकें। स्टार्टर और तापमान दही के किण्वन की गति सीधे तौर पर प्रभावित करते हैं।
मिट्टी के बर्तन को करें इस्तेमाल
गर्मियों में आप दही को मिट्टी के बर्तन में जमाएं। दही गर्म तापमान की वजह से पानी छोड़ देती है और खट्टी हो जाती है। वहीं, मिट्टी का बर्तन दही के पानी को सोख लेता है, जिससे खट्टापन नहीं होता है। ये दही को प्राकृतिक रूप से ठंडा भी रखते हैं। मिट्टी के बर्तन में दही जमाने से इसका स्वाद भी ज्यादा अच्छा लगता है।
रात में जमाएं दही
गर्मियों में आप दही को रात में जमाने की कोशिश करें। ऐसा इसलिए क्योंकि रात में तापमान थोड़ा कम होता है ऐसे में दही आसानी से जम भी जाती है और खट्टी भी नहीं होती है। दिन में दोपहर में ज्यादा तापमान में दही जमाने से यह खट्टा हो सकता है। गर्मियों में दूध से दही जमाने के लिए इसे रसोई के अपेक्षाकृत ठंडे कोने में रखें।
दही जमने के बाद तुरंत फ्रिज में रखें
सर्दियों के मौसम में दही को जमने में करीब 8 से 10 घंटे लग जाते हैं। लेकिन गर्मियों में यह प्रक्रिया जल्दी हो जाती है। गर्मी के मौसम में तापमान बढ़ने से किण्वन की प्रक्रिया तेज हो जाती है। इसलिए दही जम जाने के बाद खट्टा होने से बचाने के लिए तुरंत फ्रिज में रख दें।



