IndiaTrendingUttar Pradesh

लखनऊ में 11वीं मंजिल से कूदी रायबरेली की युवती, टीन के शेड से टकराकर नीचे गिरी, फिर जो हुआ…

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां स्थित पार्श्वनाथ प्लाजा की 11वीं मंजिल से रविवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में छलांग लगा दी. युवती बिल्डिंग के पहले तल पर बने टीन शेड से टकराकर नीचे फर्श पर गिरी, जिससे उसकी जान तो बच गई लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गई है.

लखनऊ में 11वीं मंजिल से कूदी रायबरेली की युवती, टीन के शेड से टकराकर नीचे गिरी, फिर जो हुआ…
लखनऊ में 11वीं मंजिल से कूदी रायबरेली की युवती, टीन के शेड से टकराकर नीचे गिरी, फिर जो हुआ…

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती की पहचान शिवांशी पाल के रूप में हुई है. शिवांशी मूल रूप से रायबरेली के अजयनगर कमलापुर की रहने वाली है और लखनऊ के खरगापुर इलाके में अपनी बहन के साथ किराये के कमरे में रहती है. वह पार्श्वनाथ प्लाजा की 11वीं मंजिल पर स्थित वोडाफोन एडब्ल्यूएस ऑफिस में बतौर टेलीकॉलर कार्यरत है. रविवार शाम करीब 7:15 बजे उसने अपने सहकर्मियों से वॉशरूम जाने की बात कही थी. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो पता चला कि उसने वॉशरूम की खिड़की खोलकर नीचे छलांग लगा दी है.

टीन शेड ने बचाई जान

11वीं मंजिल से गिरने के बावजूद शिवांशी की जान चमत्कारिक रूप से बच गई. गिरने के दौरान वह पहले तल पर लगे टीन शेड से टकराई, जिससे उसकी गिरने की रफ्तार कम हो गई. हालांकि, फर्श पर गिरने के कारण उसका दाहिना हाथ टूट गया है और पसलियों, पीठ व माथे पर गंभीर चोटें आई हैं. बिल्डिंग के सुरक्षाकर्मियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तुरंत डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है.

बीमारी या मानसिक तनाव? जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी विभूतिखंड विनय कुमार द्विवेदी और इंस्पेक्टर अमर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ की है. शिवांशी की बहन ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थी. हालांकि, आत्महत्या के प्रयास के पीछे की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है. पुलिस ने शिवांशी का मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है और कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं. फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है, लेकिन पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply