पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया है। दोपहर करीब 2 बजे तक सामने आए रुझानों में भारतीय जनता पार्टी बहुमत से कहीं ज्यादा 190 से अधिक सीटों पर आगे चल रही है और तृणमूल कांग्रेस 100 से भी कम सीटों पर आगे चल रही है। बीजेपी ना सिर्फ बंगाल जीत रही है बल्कि उसका दावा 200+ सीटें जीतने का है। सुवेंदु अधिकारी कह रहे हैं कि इस वक्त जो नंबर्स दिख रहे हैं, फाइनल नंबर्स उससे भी ज्यादा होंगे। भाजपा को राहत देने वाले इस चुनाव परिणाम के बीच अब उत्ततर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा है।

क्या बोले केशव प्रसाद मौर्य?
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर लिखा “सपा बहादुर श्री अखिलेश यादव को अब जनता सुनने को तैयार नहीं है। उनके तमिलनाडु वाले ‘भैया’ श्री एम. के. स्टालिन और बंगाल की ‘दीदी’ सुश्री ममता बनर्जी को भी जनता ने हाशिए पर धकेल दिया है। उनके ‘भैया’ श्री राहुल गांधी का हाल पहले ही सब देख चुके हैं, और हाल ही में बिहार में श्री तेजस्वी यादव भी ‘चारों खाने चित्त’ हो चुके हैं। अब सपा बहादुर को 2027 में उत्तर प्रदेश में ‘सत्ता के सपने’ देखना छोड़ देना चाहिए। सच यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के करिश्माई नेतृत्व में सपा बहादुर के हिस्से अब केवल ‘अंतहीन इंतज़ार’ ही लिखा है।”
‘ममता का कुशासन पराजित हुआ’
पश्चिम बंगाल 2026 चुनावों पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा “पश्चिम बंगाल में यह एक ऐतिहासिक जीत है। ममता का कुशासन पराजित हुआ और भाजपा का सुशासन विजयी हुआ। प्रधानमंत्री मोदी पर विश्वास की जीत हुई और ममता दीदी का भय पराजित हुआ। आज अखिलेश यादव को खोजना चाहिए।” EVM से जुड़े सवाल पर केशव प्रसाद मौर्य ना कहा “जब वे हारे, तो ईवीएम खराब हो गई, और जब वे जीते, तो ईवीएम अच्छी हो गई।”
इससे पहले विधानसभा चुनाव के परिणाम सामने आने से पहले भी केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया था। उन्होंने कहा था “आज पूरे देश में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के जयघोष गूंजेंगे। राष्ट्रहित सर्वोपरि है, तुष्टिकरण और घुसपैठ की राजनीति करने वाले स्वाभाविक रूप से बेचैन होंगे। जनता विकास, सुरक्षा और आत्मगौरव के साथ खड़ी है। जय भाजपा, तय भाजपा।”



