IndiaTrendingUttar Pradesh

बचपन की सहेली ने ही 3 लाख में बेच दिया, खाटू श्याम ले जाकर जबरन करा दी शादी

कानपुर के बर्रा विश्व बैंक कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाला मानव तस्करी का मामला सामने आया है। अपनी ही बचपन की सहेली ने 21 वर्षीय एक युवती को मात्र 3 लाख रुपये में बेच दिया। युवती को राजस्थान के सीकर जिले से पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि युवती को बेचने वाली सहेली और उसके पति की तलाश पुलिस तेजी से कर रही है।

बचपन की सहेली ने ही 3 लाख में बेच दिया, खाटू श्याम ले जाकर जबरन करा दी शादी
बचपन की सहेली ने ही 3 लाख में बेच दिया, खाटू श्याम ले जाकर जबरन करा दी शादी

सहेली के साथ खाटू श्याम दर्शन करने गई थी युवती

बर्रा पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय युवती स्थानीय फैक्ट्री में काम करती थी। 21 अप्रैल को वह अपनी बचपन की सहेली रिया पांडेय और रिया के पति सुमित पांडेय के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन करने गई थी। जब युवती कई दिनों तक घर नहीं लौटी तो उसकी मां ने चिंतित होकर सहेली रिया और सुमित से संपर्क साधा।

पीड़िता की मां को सहेली ने दी धमकी

शुरू में दोनों ने लौट आने की बात कहकर टालमटोल किया। बाद में रिया ने फोन पर धमकी देते हुए कहा कि युवती को तीन लाख रुपये में बेच दिया गया है। अगर वापस चाहिए तो पैसे देने होंगे। इसके तुरंत बाद दोनों के फोन स्विच ऑफ हो गए। परिवार ने तुरंत बर्रा पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो रिया दंपति की अंतिम लोकेशन राजस्थान में मिली। रविवार रात बर्रा पुलिस की टीम युवती के परिजनों के साथ राजस्थान रवाना हुई। वहां सीकर जिले के फतेहपुर सदर क्षेत्र में तलाशी ली गई।

नाम बदलकर 30 अप्रैल को जबरन कराई शादी

पुलिस ने युवती को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया। साथ ही स्थानीय मजदूर प्रदीप विश्वकर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके साथ युवती की जबरन शादी कराई गई थी। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि रिया और सुमित ने युवती को जान से मारने की धमकी देकर बेचा था। आरोपियों ने युवती का नाम बदलकर ‘काजल’ रखा और 30 अप्रैल को प्रदीप विश्वकर्मा से उसकी जबरन शादी करा दी। कागजात भी नए नाम से तैयार किए गए थे। युवती को अब उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

युवती की मां ने क्या कहा?

युवती की मां ने बताया कि उनकी बेटी परिवार की आर्थिक मदद के लिए फैक्ट्री में काम करती थी। खाटू श्याम यात्रा का प्लान सहेली रिया ने ही बनाया था। परिवार को कभी अंदेशा नहीं हुआ कि सहेली ही ऐसी बड़ी साजिश रच सकती है।

पुलिस अब रिया पांडेय और सुमित पांडेय को पकड़ने के लिए छापेमारी और तकनीकी निगरानी तेज कर दी है। दोनों पर मानव तस्करी, अपहरण, जबरन शादी और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। प्रदीप विश्वकर्मा से पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि यह अकेला मामला नहीं हो सकता, पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। युवती फिलहाल सुरक्षित है, लेकिन घटना के सदमे से उबरने के लिए उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply