क्या आपको पता है आपके घर में कॉकरोच क्यों आते हैं? गंदगी, नमी और खानेपीने की चीजें कॉकरोच को आकर्षित करती हैं। किचन सिंक, ड्रेन और कोनों में नमी होने की वजह से ये छोटे कॉकरोच का ठिकाना बन जाते हैं। ये ज्यादातर रात में एक्टिव होते हैं, इसलिए अक्सर सुबह दिखते हैं। घर की छोटी दरारों और क्रैक्स में यह छिपते हैं।

किचन की सिंक, बाथरूम से लेकर घर के कोनों में छिपे कॉकरोच को भगाना कई बार बहुत मुश्किल हो जाता है। ये अपने साथ कई तरह की बीमारियों का खतरा भी लेकर आते हैं। सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार फूड कंटैमिनेशन करते हैं। एलर्जी और अस्थमा ट्रिगर कर सकते हैं। बैक्टीरिया फैलाते हैं। आइए जानें कुछ ऐसे उपायों के बारे में जो आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं।
सबसे पहले सफाई
सफाई ही आपके लिए सबसे पहला उपाय है। किचन काउंटर, गैस और स्लैब रोज साफ करें। कोशिश करें कि किचन में बर्तन रातभर गंदे न छोड़ें। इसके अलावा कूड़ेदान को ढककर रखें और रोज खाली करें। साथ ही फर्श और कोनों में जमा गंदगी हटाएं। ऐसा इसलिए जरूरी है क्योंकि कॉकरोच खाने के छोटेछोटे कणों पर जीवित रहते हैं। इसलिए सफाई से उनकी संख्या कम होती है।
नमी कंट्रोल करें
छोटे कॉकरोच को घर से भगाने के लिए आपको नमी कंट्रोल पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए खराब सिंक और पाइप लीकेज ठीक करवाएं। रात में सिंक सूखा रखें। इसके अलावा गीले कपड़े या स्पंज इधरउधर न छोड़ें। आपको जानकार हैरानी होगी लेकिन कॉकरोच बिना खाने के कई दिन रह सकते हैं, लेकिन पानी के बिना नहीं।
बोरिक एसिड का इस्तेमाल
नेशनल पेस्टिसाइड इंफॉर्मेशन सेंटर के अनुसार कॉकरोच को घर से भगाने के लिए आप कोनों और दरारों में बोरिक एसिड का हल्का छिड़काव कर सकते हैं। इसका उपयोग करते समय कुछ सावधानी बरतें। बच्चों और पालतू जानवरों से इसे दूर रखें।
बेकिंग सोडा और चीनी का मिश्रण
इस मिश्रण का उपयोग करके भी आप घर से छोटे और बड़े हर तरह के कॉकरोच को भगा सकते हैं। इसके लिए दोनों चीजों को बराबर मात्रा में मिलाकर रखें। चीनी कॉकरोच को आकर्षित करती है। वहीं बेकिंग सोडा उनके पेट में गैस बनाता है जिससे वे मर जाते हैं।
ये तरीके भी आएंगे काम
कॉकरोच को भगाने के लिए आफ तेज पत्ते पीसकर कोनों में रखें। इसकी गंध कॉकरोच को दूर रखते हैं। इसके अलावा आप नीम के पत्ते या तेल का स्प्रे बनाकर इस्तेमाल करें। इसमें एंटीबैक्टीरियल और कीटनाशक गुण होते हैं। सिरका और पानी का स्प्रे बनाकर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें बराबर मात्रा में मिलाकर किचन साफ करें।



