फिल्म ‘इमरजेंसी’ के बाद कंगना रनौत की नई फिल्म का ऐलान हो चुका है। कंगना अब ‘भारत भाग्य विधाता’ में नजर आने वाली है। एक्ट्रेस ने खुद इंस्टाग्राम पर आगामी फिल्म की घोषणा करते हुए इसका पोस्टर शेयर किया है और इसकी रिलीज डेट भी बताई है।

पोस्टर को शेयर करते हुए कंगना ने लिखा, “हम अक्सर बड़े और नाटकीय वीरता के किस्सों का जश्न मनाते हैं, लेकिन असली साहस कहीं ज्यादा शांत होता हैवह आगे आता है, पीछे रहकर भी अपना कर्तव्य निभाता है। ‘भारत भाग्य विधाता’ एक अनकही कहानी है साहस, बलिदान, मानवता और एकता की, उन आम लोगों की, जो आतंक और जीवन के बीच खड़े रहे।”
ने आगे लिखा, “यही सच्चे अर्थों में देशभक्ति है, जहां कर्तव्य कर्म में बदल जाता है। मुझे गर्व है कि मैं ऐसी कहानी का हिस्सा हूं, जो उन लोगों को श्रद्धांजलि देती है जिन्होंने शहर को उसके सबसे कठिन समय में संभाले रखा। और मैं उत्साहित हूं कि दर्शक इसे 12 जून को बड़े पर्दे पर देखेंगे।”
पोस्टर में ‘मुंबई अंडर अटैक’ और ‘मुंबई के अस्पताल हाई अलर्ट पर’ जैसी सुर्खियां नजर आ रही हैं। इसमें अस्पताल के स्टाफ को एक ओर हमलावरों से छिपते हुए और दूसरी ओर मरीजों की जान बचाते हुए दिखाया गया है।
फिल्म के लेखकनिर्देशक मनोज तपाड़िया ने कहा, “12 जून को दर्शक एक इमोशनल और थ्रिलिंग कहानी देखेंगे, जो सिर्फ आतंक की नहीं, बल्कि साहस, करुणा और बलिदान की जीत की कहानी है। यह खासतौर पर उन महिलाओं की कहानी भी है, जिन्होंने मुश्किल वक्त में जिंदगी और मौत के फैसले लिए।”
‘भारत भाग्य विधाता’ को जयंतीलाल गड़ा द्वारा प्रस्तुत किया गया है और इसे पेन स्टूडियोज, मणिकर्णिका फिल्म्स और परम्हंस क्रिएशन्स ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में कंगना रनौत के साथ गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलर, सुहिता थत्ते, रसिका आघाशे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।



