नोरा फतेही हाल ही में फिल्म KD: The Devil के गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर उठे विवाद के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग के सामने पेश हुईं। इस मामले में आयोग ने उन्हें तलब किया था। सुनवाई के दौरान नोरा ने आयोग को लिखित माफीनामा सौंपते हुए कहा कि उनका किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था।

नोरा फतेही ने कहा, “मैंने आयोग से माफी मांग ली है। एक कलाकार होने के नाते मुझे अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। इसी को ध्यान में रखते हुए मैंने कुछ अनाथ बच्चियों की शिक्षा का खर्च उठाने का फैसला किया है।”
इससे पहले इसी मामले में संजय दत्त भी 27 अप्रैल को महिला आयोग के सामने पेश हुए थे। सुनवाई के दौरान संजय दत्त ने भी आयोग से माफी मांगी थी और सामाजिक कल्याण तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम उठाते हुए 50 आदिवासी बच्चियों की पढ़ाई का खर्च उठाने का ऐलान किया था।
दरअसल, फिल्म के गाने ‘’ को उसके कथित अश्लील बोल और डांस स्टेप्स को लेकर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला संसद तक पहुंच गया। बाद में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से गाने पर रोक लगाए जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद मेकर्स ने इसका हिंदी वर्जन यूट्यूब से हटा दिया।
संजय दत्त ने आयोग के सामने अपनी सफाई में कहा था कि उन्हें गाने के बोल, ट्रांसलेशन, कंपोजिशन या उसके आखिरी प्रेजेंटेशन की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनकी भूमिका केवल एक कलाकार के तौर पर कॉन्ट्रैक्ट के तहत परफॉर्म करने तक सीमित थी। अभिनेता अपने वकील हेमंत शाह की लीगल टीम के साथ आयोग के सामने पेश हुए थे और उन्होंने महिलाओं की गरिमा व सामाजिक मूल्यों के प्रति सम्मान जताया था।



