वीडियो में कई बदमाश दिख रहे हैं, लेकिन 4 बदमाश महिला के हाथ-पैर पकड़कर कार में डालते दिखे. महिला विरोध करती रही, लेकिन बेबस थी. चादर में लिपटी बच्ची को एक युवक ले जाता दिखा.

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जहां लिव-इन पार्टनर ने अपने साथी बदमाशों के साथ महिला और उसकी एक महीने की बेटी का अपहरण करते हुए दिख रहे हैं. सभी आरोपी कार से पहुंचे थे, जिनमें से किसी ने डंडा तो किसी के पास पिस्टल थी. वह महिला को जबरन उठाकर घर से बाहर ले आए. महिला ने बदमाशों का विरोध भी किया, लेकिन वह उनके सामने बेबस दिखी. वहीं, बच्ची चादर में लिपटी हुई थी, जिसे एक युवक ले जाता दिख रहा है. यह घटना 8 मई की रात लगभग साढ़े 8 बजे की है.
सीसीटीवी में दिख रहे चार बदमाशों ने महिला के हाथ-पैर पकड़े और उठाकर कार में बैठा लिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
परिवार ने मारपीट का लगाया आरोप
इस मामले को लेकर अपहरण की शिकार महिला के परिवार का भी बयान आया है, जिनका कहना है कि कुछ समय पहले लिव-इन रिलेशन में रहने वाले एक युवक ने उनकी बेटी और उसकी बच्ची का अपहरण कर उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की है. उन्होंने इसकी शिकायत थाने में की है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पीड़िता एक और वीडियो ने मचाई सनसनी
इस दौरान पीड़ित महिला का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जो अपहरण से काफी पहले का है. इसमें वह यह कहती हुई सुनाई दे रही है कि उसका परिवार जिसमें माता-पिता शामिल हैं, वह उसके पति और उसके परिवार को जबरन फंसाना चाहते हैं, जबकि वह अपने पति और परिवार के साथ खुश है.
जानकारी के अनुसार, महिला 4-5 साल से लिव-इन में रह रही थी. उसी दौरान वह गर्भवती हो गई और फिर डिलीवरी के समय फतेहपुर स्थित घर पर आ गई. अब लिव-इन पार्टनर ने अन्य लोगों के साथ मिलकर घर से महिला और उसकी बेटी का शुक्रवार रात को हुए अपहरण ने सनसनी मचा दी. लिव-इन पार्टनर अपने 12 नकाबपोश साथियों के साथ एक गाड़ी लेकर महिला के घर पहुंचा था. इस दौरान युवक के साथ आए बदमाशों ने महिला के परिवार वालों के साथ भी मारपीट करते हुए गाली-गलौज की और जान से मार देने की धमकी दी.
कोतवाली प्रभारी दुबे ने बताया कि हमने महिला के परिवार वालों की शिकायत पर अज्ञात और एक युवक के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है. इस दौरान पीड़ित महिला का भी वीडियो वायरल हुआ है. हम दोनों तथ्यों को जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं. मामला संवेदनशील है और पुलिस हर पहलू से इस पूरे मामले की जांच कर रही है.



