यूपी के मुजफ्फरनगर जनपद में छोटे भाई की पत्नी पर गलत नजर डालने का खामियाजा एक बड़े भाई को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। मौका पाते ही छोटे भाई ने ईंट से वार कर बेरहमी से अपने बड़े भाई की हत्या कर शव को झाड़ियों में ठिकाने लगा दिया।

हाथ पर गुदा था ‘दीपक’
दरसअल, चरथावल थाना क्षेत्र के बिरालसी गांव में स्थित नहर किनारे झाड़ियों में 29 अप्रैल को एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था जिसके हाथ पर ‘दीपक’ नाम गुदा हुआ था। उस समय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाते हुए जब शव की पहचान का प्रयास किया तो उसकी शिनाख्त रुकनपुर गांव निवासी दीपक के रूप में हुई थी।
CCTV ने खोला कत्ल का राज
इस मामले की जांच करते हुए जब पुलिस ने 28 अप्रैल के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें ये तथ्य सामने आया कि मृतक दीपक का छोटा भाई सचिन उस दिन उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर उस समय ले गया था, जब दीपक ने बहुत ज्यादा शराब पी हुई थी।
पुलिस ने जांच तेज करते हुए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दीपक को उसका भाई सचिन बाइक पर ले जाते हुए दिखाई दिया लेकिन वापस लौटते समय सचिन अकेला था। CCTV फुटेज के आधार पर जब पुलिस ने सचिन से सख्ती के साथ पूछताछ की दो दूध का दूध और पानी का पानी हो गया।
आरोपी ने बताया, कैसे वारदात को दिया अंजाम
सचिन ने बताया कि दीपक अक्सर शराब पीकर उसकी पत्नी के साथ बदतमीजी कर उस पर बुरी नजर डालता था। वह अपने शराब के खर्च के लिए जमीन भी बेचना चाहता था। बस इन सबसे परेशान होकर उस दिन इस हत्यारे छोटे भाई सचिन ने बिरालसी नहर के पास ईंट से वार कर दीपक की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में ठिकाने लगा दिया। इसके बाद बेख़ौफ हत्यारा भाई मौके से फरार हो गया था। बरहाल पुलिस ने सचिन को गिरफ्तार कर जेल भेजते हुए हत्या में इस्तेमाल ईंट भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने क्या बताया?
इस मामले पर और ज्यादा जानकारी देते सीओ सदर रवि शंकर मिश्रा ने बताया कि 29 अप्रैल को चरथावल थाना क्षेत्र में बिरालसी नहर के पास एक डेड बॉडी मिली थी। उसके हाथ पर दीपक गुदा हुआ था। उसकी पहचान के प्रयास किए गए तो पता चला रुकनपुर कोतवाली क्षेत्र का रहने वाला है। परिजनों को साथ में लेकर लगातार पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे देखे गया और पूछताछ की गई। तो सामने आया कि 28 अप्रैल की शाम दीपक को उसका सगा छोटा भाई सचिन बाइक पर बैठाकर ले गया। दीपक नशे की हालत में था। वहां ईंट से चोट पहुंचाकर उसे धकेल कर मार दिया।
मृतक की टूट गई थी शादी
मिश्रा ने बताया दीपक की शादी हुई थी लेकिन काफी समय पहले ही उसकी पत्नी वापस मायके चली गई थी। जिसके बाद दोनों में फैसला हो गया था। उन्होंने बताया कि इस संबंध में तहरीर प्राप्त होने के आधार पर केस दर्ज किया गया और आज गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर ईंट बरामद कर ली गई है।



