Rewa Bicycle Theft: मध्य प्रदेश के रीवा शहर के अमहिया थाना क्षेत्र में महिला चोरों के एक गिरोह ने शातिराना ढंग से चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. शहर के प्रसिद्ध कन्हैया किड्स साइकिल स्टोर में ग्राहक बनकर पहुंची तीन महिलाओं ने दुकानदार की आंखों में धूल झोंककर बच्चों की दो साइकिलें पार कर दीं. घटना के बाद दुकानदार ने पीछा करते हुए एक महिला को पकड़ लिया, जबकि दो युवतियां फरार हो गईं. इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीनों चोर बच्चों की साइकिल चुराती नजर आ रही है.

जानकारी के अनुसार, शनिवार को एक महिला और दो युवतियां एक बच्चे के साथ ‘कन्हैया किड्स स्टोर’ पर साइकिल खरीदने के बहाने दाखिल हुईं. इस दौरान उन्होंने मौका मिलते ही एकएक कर दो साइकिलें पार दीं. वह दूसरी साइकिल लेकर जा रही थी, तभी दुकानदार को चोरी का आभास हुआ. तुरंत पीछा कर दुकानदार ने महिला को पकड़ लिया, जबकि उसके साथ आई दो युवतियां भागने में सफल रहीं.
साइकिल चोर गिरोह
घटना की सूचना मिलते ही अमहिया थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और महिला को हिरासत में ले लिया. इसके बाद वह उसे लेकर थाने आ गई. पुलिस अब इस गैंग की फरार दो युवतियों की तलाश में जुट गई हैं. इस घटना से मार्केट में चोरों को लेकर चिंता का माहौल है. कन्हैया किड्स स्टोर से हुई चोरी की वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चोरों का एक गैंग साइकिल उठाकर भागता नजर आ रहा है.
एकएक कर चुराई दो साइकिल
एक स्थानीय युवक ने बताया कि तीन लोगों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पहले दो एक बड़ी साइकिल ले गए. इसके बाद एक महिला दूसरी साइकिल लेकर जा रही थी, तभी उन्हें देख लिया. पहले लगा कि वह कस्टमर होंगे, लेकिन बाद में पता चला कि वह चोरे थे. भागकर एक महिला को साइकिल के साथ पकड़ लिया गया. इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया. फिलहाल, पुलिस ने मामले में अब तक FIR दर्ज नहीं की है.



