AY 202627 के लिए ITR4 फाइल करने वाले टैक्सपेयर्स के लिए अब बैंक बैलेंस बताना अनिवार्य कर दिया गया है. सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज ने इनकम टैक्स रिटर्न फॉर्म में यह बड़ा बदलाव किया है, जिससे टैक्स सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और डेटा आधारित बनाया जा सके. CBDT ने 30 मार्च 2026 को जारी नोटिफिकेशन के जरिए ITR4 में बैंक बैलेंस की अतिरिक्त जानकारी देना जरूरी कर दिया है.

पहले क्या नियम था?
अब तक ITR4 भरने वालों को सिर्फ बैंक अकाउंट की जानकारी जैसे अकाउंट नंबर, IFSC कोड और बैंक का नाम देना होता था. असली बैंक बैलेंस बताना जरूरी नहीं था. लेकिन अब नए नियम के तहत बैंक बैलेंस की जानकारी देना भी अनिवार्य होगा.
किन लोगों पर पड़ेगा असर?
इस बदलाव का असर खासतौर पर उन लोगों पर पड़ सकता है जो प्रिजम्प्टिव टैक्सेशन स्कीम के तहत ITR4 फाइल करते हैं. इसमें शामिल हैं.
- छोटे कारोबारी
- फ्रीलांसर
- प्रोफेशनल्स और कंसल्टेंट
- ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स
- सैलरी के साथ साइड इनकम कमाने वाले लोग
ये लोग इनकम टैक्स एक्ट की धारा 44AD, 44ADA और 44AE के तहत आते हैं.
क्या बढ़ेगी टैक्स विभाग की नजर?
CA डॉ. Suresh Surana के मुताबिक, यह बदलाव मुख्य रूप से पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किया गया है. हालांकि, इससे टैक्स विभाग अब आय और बैंक लेनदेन का बेहतर मिलान कर सकेगा. उन्होंने कहा कि टैक्सपेयर्स को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनकी घोषित आय और बैंक ट्रांजैक्शन में कोई बड़ा अंतर न हो, वरना जांच या नोटिस का जोखिम बढ़ सकता है.
सैलरी वालों की भी बढ़ेगी जिम्मेदारी
जो लोग नौकरी के साथ फ्रीलांसिंग, कंसल्टेंसी, डिजिटल प्लेटफॉर्म या छोटे कारोबार से अतिरिक्त कमाई करते हैं, उन्हें अब ज्यादा सावधानी से ITR भरना होगा. उन्हें अपनी साइड इनकम, बैंक रिसीट और अन्य फाइनेंशियल रिकॉर्ड का सही मिलान रखना पड़ेगा.
क्या अब CA की मदद जरूरी होगी?
सरकार लगातार ITR फॉर्म में ज्यादा खुलासा और रिपोर्टिंग नियम जोड़ रही है ताकि टैक्स सिस्टम को ज्यादा मजबूत बनाया जा सके. अब टैक्स विभाग टेक्नोलॉजी और ऑटोमैटिक डेटा मैचिंग का ज्यादा इस्तेमाल कर रहा है. ऐसे में छोटी गलती या जानकारी छूटने पर भी नोटिस आ सकता है.
डॉ. सुराणा के मुताबिक, छोटे कारोबारियों, फ्रीलांसरों और कई स्रोतों से कमाई करने वाले लोगों को अब प्रोफेशनल मदद लेना फायदेमंद हो सकता है, ताकि ITR सही तरीके से भरा जा सके और बाद में किसी तरह की परेशानी न हो.



