Moradabad Robbery News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में इन दिनों बदमाशों के हौसले काफी बुलंद हो गए हैं. बदमाशों ने नागफनी थाना इलाके के अकबर कंपाउंड में 1 करोड़ से ज्यादा की डकैती को अंजाम दिया. पीतल कारोबारी इमरान के घर में घुसे नकाबपोश बदमाशों पर गनप्वाइंट पर 1.20 करोड़ रुपये नगद और 6 तोला सोना लूट का आरोप पीड़ित ने लगाया है. लूट की इस वारदात ने पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा दिया है.

डकैतों ने घर के हाईटेक डिजिटल लॉक को बेहद आसानी और खामोशी से खोल लिया है, जिसकी किसी को भनक तक नहीं लगी है. लूट की गंभीरता को देखते हुए ADG बरेली जोन रमित शर्मा स्वयं मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया है. ADG के साथ DIG और SSP भी मौजूद रहे. डकैत जाते समय सीसीटीवी की DVR भी साथ ले गए, ताकि कोई सबूत न बचे. बदमाशों को घर के सटीक नक्शे, डिजिटल लॉक के कोड और अलमारी में रखे 1.20 करोड़ रुपये की सटीक जानकारी थी.
संदिग्धों को हिरासत में लिया गया
इससे पुलिस को यकीन है कि इस घटना के पीछे किसी ‘विभीषण’ का हाथ है. पुलिस अब कारोबारी के करीबी रिश्तेदारों और कर्मचारियों की कुंडली खंगाल रही है, ताकि इस सुनियोजित डकैती का पर्दाफाश किया जा सके. पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है. पीड़ित पीतल कारोबारी इमरान ने बताया कि वह रात में सो रहे थे, तभी अचानक कुछ लोगों ने उन्हें जगाया.
तमंचा सटाकर धमकाया
बदमाशों ने सीधे उनके सिर पर तमंचा सटा दिया और खौफ पैदा करने के लिए शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी. लुटेरों ने सीधे पूछा कि ‘माल कहां है?’ इमरान ने पहले अनजान बनने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों को यकीन था कि घर में बड़ी रकम मौजूद है. इमरान ने बताया कि उन्होंने सुबह एक प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के लिए 1.20 करोड़ रुपये रखे थे. डकैतों ने वह थैला छीन लिया और डराधमका कर DVR का पता पूछकर उसे भी उखाड़ ले गए.
पुलिस ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना कोई साधारण लूट नहीं, बल्कि पूरी तरह से रेकी की गई वारदात है. घर में दो स्तरों पर बेहद मजबूत डिजिटल लॉक लगे थे, जिन्हें बिना कोड या चाबी के खोलना नामुमकिन था बदमाशों का बिना किसी तोड़फोड़ के अंदर दाखिल होना साबित करता है कि उनके पास या तो चाबियां थीं या उन्हें डिजिटल कोड पहले से पता था. उन्हें यह भी सटीक जानकारी थी कि कारोबारी ने हाल ही में रजिस्ट्री के लिए भारी रकम कलेक्ट की है.
ADG रमित शर्मा ने मौके पर भारी पुलिस बल के साथ पीड़ित परिवार से बात की और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए. इस मामले की जांच पांच टीमें गठित की गई हैं. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जांच में सड़कों पर लगे सीसीटीवी फुटेज से हमें महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं. बदमाशों की संख्या 4 से 6 से बताई जा रही है. कुछ संदिग्ध को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है.



