IndiaTrending

PM नरेंद्र मोदी का काफिला सिर्फ दो गाड़ियों में निकला, अपील के बाद खुद पेश की मिसाल

पीएम नरेंद्र मोदी ने पेट्रोल और डीजल बचाने की अपील देशवासियों से की थी। इसे लेकर चर्चाएं तेज हैं और इस बीच उन्होंने खुद भी इस पर अमल करना शुरू कर दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी आज अपने घर से सिर्फ दो गाड़ियों के साथ ही निकले। इस तरह अपील करने के बाद पेट्रोल और डीजल बचाने की दिशा में पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद मिसाल कायम करके संदेश दिया है। एक गाड़ी में वह खुद निकले तो वहीं दूसरे वाहन में उनकी सुरक्षा में तैनात एसपीजी के लोग सवार थे। वह इन दो गाड़ियों के काफिले में सवार होकर केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में पहुंचे थे।

PM नरेंद्र मोदी का काफिला सिर्फ दो गाड़ियों में निकला, अपील के बाद खुद पेश की मिसाल
PM नरेंद्र मोदी का काफिला सिर्फ दो गाड़ियों में निकला, अपील के बाद खुद पेश की मिसाल

इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में एक आयोजन को संबोधित करते हुए अपील की थी कि पेट्रोल और डीजल की बचत करने की जरूरत है। उनका कहना था कि देशवासियों को ईंधन का समझदारी से इस्तेमाल करना होगा। इसके अलावा एक साल तक सोने की खरीद भी न करने की अपील उन्होंने की थी। पीएम मोदी की अपील के बाद केंद्र सरकार के मंत्रियों और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने अपना काफिला घटा दिया है। इसके अलावा तमाम बैठकों को ऑनलाइन ही करने का फैसला लिया गया है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ऐसे फैसले लिए हैं।

यही नहीं पीएम मोदी की अपील के बाद तमाम तरह के कयासों का भी दौर जारी रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि आने वाले दिन कुछ पाबंदियों वाले हो सकते हैं तो वहीं एक वर्ग का मानना है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा हो सकता है और सरकार उसकी तैयारी कर रही है। ऐसे कयासों को तब और बल मिला, जब मंगलवार को पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों को ज्यादा समय तक रोक कर नहीं रखा जा सकता। उनका कहना है कि हर दिन पेट्रोलियम कंपनियों को कच्चे तेल की बढ़ी कीमत के तहत 1000 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी स्थिति लंबे समय तक जारी नहीं रखी जा सकती।

नितिन नवीन बोले अब जन आंदोलन बन जाएगा यह अभियान
पीएम नरेंद्र मोदी के दो ही गाड़ियों के काफिले में निकलने की भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने तारीफ की है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने खुद मिसाल पेश की है और अब यह अभियान जनआंदोलन बन सकता है। नितिन नवीन ने एक्स पर लिखा, ‘नरेंद्र मोदी जी ने अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर पुनः सिद्ध किया है कि वे सही मायने में देश के ‘प्रधानसेवक’ हैं। जब नेतृत्व स्वयं मिसाल पेश करता है, तो वह जनआंदोलन बन जाता है। वैश्विक चुनौतियों के बीच संसाधनों का सही उपयोग अत्यंत आवश्यक है। मोदी जी की इस पहल से प्रेरणा लेते हुए, मैं भी अपने काफिले की गाड़ियां कम कर रहा हूं। ऊर्जा संरक्षण की दिशा में कई अन्य कदम उठा रहा हूं। आइए, हम सब मिलकर संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें और राष्ट्रहित में अपना योगदान सुनिश्चित करें।’

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply