India

पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का नया आदेश, कल सुबह से स्कूल में गाना होगा ‘वंदे मातरम’

पश्चिम बंगाल में नई सरकार अस्तित्व में आ चुकी है और राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है. नई सरकार ताबड़तोड़ बड़े फैसले ले रही हैं. अब राज्य के स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे हर दिन सुबह की असेंबली में क्लास शुरू होने से पहले वंदे मातरम गाएं.

पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का नया आदेश, कल सुबह से स्कूल में गाना होगा ‘वंदे मातरम’
पश्चिम बंगाल में BJP सरकार का नया आदेश, कल सुबह से स्कूल में गाना होगा ‘वंदे मातरम’

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी एक आधिकारिक सूचना के अनुसार, पश्चिम बंगाल सरकार ने सभी सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से सुबह की असेंबली के दौरान ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य रूप से शामिल करें. निर्देश में यह भी कहा गया है कि स्कूल के दिन की शुरुआत में हर छात्र को राष्ट्रगीत के गायन में भाग लेना अनिवार्य होगा. संस्थानों के प्रमुखों को इस निर्देश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है.

कक्षा शुरू होने से पहले ‘वंदे मातरम’

शिक्षा निदेशक ने कल बुधवार को सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों के प्रमुखों को भेजे गए एक पत्र के जरिए साफ किया, “कक्षाएं शुरू होने से पहले सुबह की सभा की प्रार्थना के दौरान ‘वंदे मातरम’ का गायन अनिवार्य किया जाना चाहिए, ताकि राज्य के सभी स्कूलों में सभी छात्रों द्वारा तत्काल प्रभाव से ‘वंदे मातरम’ गाया जा सके.”

यह कदम केंद्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से संबंधित प्रावधानों को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों के ठीक बाद आया है. इन अहम कदमों में ‘राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम अधिनियम, 1971’ में प्रस्तावित संशोधन भी शामिल है, जिसके तहत ‘वंदे मातरम’ के गायन में बाधा डालना एक दंडनीय अपराध बना दिया गया है.

अब 3 गीत गाना हो गया अनिवार्य

स्कूल शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने आज गुरुवार को बताया कि इस गीत का गायन सभा सत्र की शुरुआत में किया जाना है. उन्होंने बताया कि स्कूल अधिकारियों से यह भी कहा गया है कि वे इस प्रक्रिया का रिकॉर्ड भी रखा जाए, जिसमें कार्यान्वयन के प्रमाण के तौर पर वीडियो रिकॉर्डिंग भी शामिल हो.

इससे पहले, राज्य के स्कूलों में पारंपरिक रूप से सिर्फ राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ ही गाया जाता था, जिसकी रचना रवींद्रनाथ टैगोर ने की थी. लेकिन कुछ सालों से पिछली TMC सरकार ने ‘बांग्लार माटी बांग्लार जल’ को राज्य गीत के रूप में अपनाया था औरराज्य के स्कूलों में सुबह की असेंबली के दौरान गाना अनिवार्य किया था.

इस गीत को भी टैगोर ने ही 1905 में बंगाल विभाजन के विरोध प्रदर्शनों के दौरान लिखा था. बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय कालजयी रचना ‘वंदे मातरम’ भी अब इस लिस्ट में शामिल हो गया है.

आदेश के बाद अब असमंजस में स्कूल

हालांकि नए आदेश के बाद स्कूल प्रमुख अब असमंजस में पड़ गए हैं, क्योंकि उनमें से कई ने कहा कि नए नोटिस में राज्य गीत के बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है, लेकिन सुबह की प्रार्थना के दौरान बच्चों का 3 गीत—वंदे मातरम, बांग्लार माटी और राष्ट्रगान गाना आसान नहीं होगा.

सरकारी आदेश को लेकर एक स्कूल प्रमुख ने कहा, “हम राष्ट्रगान को नहीं छोड़ सकते, क्योंकि यह अनिवार्य है. अब हमारा पहला गीत वंदे मातरम होगा, और राज्य गीत को शामिल किया तो इसमें और समय लगेगा. इस वजह से क्लास शुरू करने में देरी होगी. नोटिस में राज्य गीत के बारे में कुछ भी नहीं कहा गया है, फिर भी छात्रों को 3 गीतों के लिए रोके रखना कोई आसान काम नहीं होगा.”

इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जनवरी में एक नोटिस जारी किया था, जिसमें कहा गया था कि राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे होने के सम्मान में यह गाया जाना चाहिए. अब इसे पश्चिम बंगाल में लागू कर दिया गया है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply