प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सादगी और जिम्मेदार खर्च को बढ़ावा देने की अपील का असर अब कॉर्पोरेट सेक्टर में भी दिखने लगा है. देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल RPG Group ने अपने कर्मचारियों और ग्रुप कंपनियों के लिए नई गाइडलाइन जारी की है. इसमें गैरजरूरी खर्च कम करने, यात्रा घटाने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है.

हर्ष गोयनका ने जारी किया संदेश
RPG Group के चेयरमैन हर्ष गोयनका ने सीनियर अधिकारियों को भेजे गए संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री ने देश में संसाधनों के जिम्मेदार इस्तेमाल और सादगी पर नया फोकस करने की बात कही है. ऐसे में ग्रुप की कंपनियों को भी आगे आकर उदाहरण पेश करना चाहिए. गोयनका ने कहा कि यह सिर्फ खर्च कम करने का मामला नहीं है, बल्कि जिम्मेदार और बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने की दिशा में भी जरूरी कदम है.
वर्क फ्रॉम होम को मिलेगा बढ़ावा
ग्रुप ने साफ कहा है कि जिन कर्मचारियों का काम घर से हो सकता है, उन्हें वर्क फ्रॉम होम के लिए प्रोत्साहित किया जाए. कंपनी का मानना है कि इससे यात्रा खर्च कम होगा और संसाधनों की बचत भी होगी. इसके अलावा वर्चुअल मीटिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अलगअलग शहरों में मीटिंग के लिए यात्रा करने की जरूरत कम पड़े.
We in RPG have responded to our PMs call with austerity and responsible resource allocations. I hope other corporates will follow suit. pic.twitter.com/Bhv0RVUFjq
— Harsh Goenka May 14, 2026
विदेशी और घरेलू यात्राओं में कटौती
RPG Group ने कर्मचारियों की विदेश यात्राओं को बेहद जरूरी मामलों तक सीमित रखने को कहा है. वहीं घरेलू हवाई यात्राओं में भी बड़ी कटौती करने के निर्देश दिए गए हैं. कंपनी ने कहा कि जहां संभव हो, वहां ऑनलाइन मीटिंग और डिजिटल कम्युनिकेशन का इस्तेमाल किया जाए. इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
इलेक्ट्रिक वाहनों पर जोर
ग्रुप ने पर्यावरण के अनुकूल ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड वाहनों को अपनाने की रफ्तार तेज करने को कहा है. कंपनी के मुताबिक भविष्य में खरीदे या लीज पर लिए जाने वाले वाहन इलेक्ट्रिक या हाइब्रिड होने चाहिए. कर्मचारियों को कारपूलिंग और पब्लिक ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करने की सलाह भी दी गई है. कंपनी का कहना है कि ये कदम राष्ट्रीय हित के साथसाथ बेहतर और जिम्मेदार कॉर्पोरेट संस्कृति बनाने में भी मदद करेंगे.



