IndiaUttar Pradesh

यूपी में 7 गाड़ियां टकराईं, 3 की मौत, 18 घायलः 30 जिलों में कोहराम

यूपी में शीतलहर और कोहरे से हालात बिगड़ने लगे हैं। 48 घंटे में ठंड से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर समेत 30 शहर घने कोहरे की चपेट में हैं। कई शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। ओस की बूंदें बारिश की फुहारों जैसी पड़ रही हैं

अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। सर्द हवाओं से पहाड़ों जैसी ठंड महसूस हो रही है। 9 शहरों में 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इनमें रायबरेली, सुल्तानपुर, वाराणसी, जौनपुर, उन्नाव, सोनभद्र, मिर्जापुर, संभल और अंबेडकरनगर शामिल हैं।

कोहरे का असर ट्रेनों पर भी देखने को मिल रहा है। कानपुर समेत कई रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 10 घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा फ्लाइटें भी लेट हैं। सोमवार की बात करें तो बाराबंकी प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 4.5 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा 26 शहर नैनीताल (6°C) और शिमला (11°C) से भी ज्यादा ठंडे रहे।

अमेठी में घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर सोमवार रात 2 बजे रोडवेज बस-ट्रक समेत 7 वाहनों की टक्कर हो गई। हादसे में मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 घायल हो गए।

वाराणसी के लोहता थाना क्षेत्र के लोहरापुर में रिंग रोड फेज-2 पर तेज रफ्तार डीसीएम ने पीछे से ट्रेलर में टक्कर मार दी। डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मुरादाबाद में कटघर पुलिस स्टेशन इलाके के पास दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर घने कोहरे के कारण 2 ट्रक डिवाइडर से टकरा गए।

कानपुर शहर में यशोदा नगर एलिवेटेड पर टमाटर लादकर पिकअप बेकाबू होकर डिवाइडर से टकरा गया। पिकअप सवार दो युवक केबिन में फंस गए।

अमेठी में कोहरे की वजह से बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। चालक को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला।

मौसम विभाग के मुताबिक, क्रिसमस और नए साल पर भी मौसम बिगड़ा रहेगा। भीषण कोहरा पड़ेगा। सर्द हवाएं चलेंगी और बादल भी छाए रहेंगे। क्रिसमस पर पारा 6 डिग्री से 11 डिग्री के बीच रहेगा। वहीं, नए साल पर 5 से 11 डिग्री के बीच रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। वहां से आने वाली सर्द हवाओं से पारा 2-3 डिग्री तक गिर सकता है।

राहत आयुक्त बोले- अफसर अलर्ट रहें सरकार भी अलर्ट मोड पर है। राहत आयुक्त ने 25 जिलों के अफसरों के साथ बैठक की। उन्हें अलर्ट रहने को कहा है। साथ ही वीडियो जारी कर लोगों से अपील की है कि कोहरे में अगर एक्सीडेंट हों तो तत्काल 108 और 112 नंबर पर जानकारी दें। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर वाहनों की स्पीड 60 से 80 किमी प्रति घंटा कर दी गई है।

बांदा में 2 और कानपुर में 1 की ठंड से मौत कानपुर में रविवार देर रात टैंकर पर चढ़ते समय ड्राइवर गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि ठंड के चलते उसकी जान गई। शनिवार को बांदा में दो लोगों की ठंड से मौत हुई थी।

The post यूपी में 7 गाड़ियां टकराईं, 3 की मौत, 18 घायलः 30 जिलों में कोहराम appeared first on AAJ KI NEWS.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply