
कई दिनों से ठंड और गलन की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। देर शाम शुरू हुआ घना कोहरा मंगलवार सुबह भी देखने को मिला। ऐसे में दृश्यता करीब 20 से 30 मीटर तक ही रह गई। ठंडी हवाएं चलने से हुई गलन से लोगों को परेशानी हुई। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड बढ़ने से जिलाधिकारी ने 8वीं तक के सभी विद्यालयों का 30 दिसंबर तक अवकाश घोषित कर दिया। वहीं मंगलवार 11 बजे के बाद निकली हल्की धूप ने लोगों को ठंड से थोड़ी राहत दिलाई।
7 दिन बंद रहेंगे विद्यालय
जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और गिरते हुए तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर कक्षा 1 से 8 तक के सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के समय में परिवर्तन किया गया था। सभी विद्यालयों को 10 बजे से 3 बजे तक संचालित करने के निर्देश जारी किए गए थे। ठंड कम न होने की वजह से जिलाधिकारी ने अब कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 7 दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। 24 दिसंबर से 30 दिसंबर तक सभी विद्यालय बंद रहेंगे। निर्देशों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पिछले करीब एक हफ्ते से जिले में ठंड और कोहरे का असर लगातार देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में हुई बर्फबारी से हवाएं ठंडी हो गईं, जिससे शीतलहर ने लोगों को परेशान किया। मौसम विशेषज्ञ नरेंद्र कुमार वर्मा के अनुसार 24 और 25 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री तक रहेगा। 26 दिसंबर से तापमान में गिरावट आने की आशंका है। इस दौरान घना कोहरा होने की भी चेतावनी जारी की गई है।
कोहरे से वाहनों के संचालन में परेशानी
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे की वजह से वाहनों के आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जहां बसें करीब 1 घंटे की देरी से गंतव्य तक पहुंची। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
घने कोहरे के कारण ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं। मंगलवार को कालिंदी एक्सप्रेस डाउन निर्धारित समय से 12.15 घंटे और अप 8 घंटे देरी से मैनपुरी स्टेशन पहुंची। प्रयागराज से चलकर भिवानी जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस संख्या 14117 डाउन सोमवार रात 11:20 बजे के स्थान पर मंगलवार सुबह 11:35 बजे मैनपुरी जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के 12 घंटे 15 मिनट की देरी से आने के कारण यात्रियों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा।
वहीं, भिवानी से चलकर प्रयागराज जाने वाली कालिंदी एक्सप्रेस संख्या 14118 अप के मैनपुरी स्टेशन पहुंचने का समय सुबह 3:50 बजे का है, मंगलवार को ट्रेन अपने निर्धारित समय से करीब 8 घंटे देरी से दोपहर 12:43 पर पहुंची। मैनपुरी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बैठने के लिए प्रतीक्षालय न होने के कारण यात्रियों को खुले आसमान के नीचे बैठकर घंटोें इंतजार करना पड़ रहा है।




