Silver Price Today: सोने और चांदी के रेट आसमान पर हैं. ऐसे में अगर करोड़ों का चांदी या सोना सड़क पर बिखर जाए तो क्या होगा? शायद इस पल को देखकर आपकी आंखें फटी रह जाएं. मुंबईअहमदाबाद नेशनल हाइवे पर शुक्रवार सुबह ऐसा ही हादसा हो गया. इसे देखकर, वहां मौजूद हर शख्स और पुलिस के होश उड़ा दिए. मुंबईअहमदाबाद हाइवे पर हुए इस हादसे में 600 किलो चांदी की ईंटों से भरी वैन चारोटी फ्लाईओवर पर अनियंत्रित होकर पलट गई. वैन में लदी चांदी की बाजार कीमत करीब 18 करोड़ रुपये आंकी जा रही है. चांदी की यह खेप मुंबई की ‘नकोड़ा बुलियन कंपनी’ से गुजरात के वापी स्थित ‘मोदी संस लिमिटेड’ ले जायी जा रही थी.

एनडीटीवी में प्रकाशित खबर के अनुसार वैन फ्लाईओवर के ऊपर चढ़ रही थी तो उस समय यह हादसा हो गया. इस दौरान ड्राइवर ने अचानक वैन से अपना कंट्रोल खो दिया. तेज रफ्तार में होने के कारण यह सड़क के बीचोंबीच पलट गई. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई, हालांकि ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं. ड्राइवर को तुरंत प्राथमिक उपचार मुहैया कराया गया. हाइवे पर अचानक वैन पलटने से कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गई.
पुलिस ने की पूरे इलाके की घेराबंदी
करोड़ों रुपये की चांदी सड़क पर बिखरे होने की जानकारी मिलते ही कासा पुलिस स्टेशन की टीम तुरंत हरकत में आई. पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. इसके बाद पुलिस टीम ने चांदी की सुरक्षा के साथ ही भीड़ को भी जमा होने से रोक दिया. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुघर्टनाग्रस्त वाहन को हटाया और ट्रैफिक शुरू कराया.
चांदी की ईंटों को सुरक्षा में ले लिया
फिलहाल, पुलिस ने सभी चांदी की ईंटों को अपनी सुरक्षा में ले लिया है. ट्रांसपोर्टेशन से जुड़े मालिकाना हक वाले दस्तावेजों की जांच की जा रही है. अधिकारियों की तरफ से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या तेज रफ्तार और सड़क की स्थिति इसके लिए जिम्मेदार थी.



