Patna News: बिहार की राजधानी पटना से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. एक 22 वर्षीय ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर उसके शव के तीन टुकड़े कर दिए गए और उन्हें रेलवे ट्रैक के अलगअलग हिस्सों में फेंक दिया गया. इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है.

मंगलवार से लापता था चंदन कुमार
मृतक की पहचान 22 वर्षीय चंदन कुमार के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक था. परिजनों के अनुसार, चंदन मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकला था. शुरुआत में परिवार को लगा कि वह काम पर गया है, लेकिन बाद में पता चला कि उसके ऑटो की चाबी घर पर ही रखी हुई थी. इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई. रात तक घर नहीं लौटने पर उन्होंने सोचा कि वह किसी दोस्त के यहां रुक गया होगा.
रेलवे ट्रैक पर मिला क्षतविक्षत शव
बुधवार को रेलवे ट्रैक के पास तीन हिस्सों में बंटा एक क्षतविक्षत शव बरामद हुआ. गुरुवार को शव की पहचान चंदन कुमार के रूप में हुई. शव के तीन टुकड़े मिलने से घटना की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है. हालांकि मृतक का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है.
दोस्त पर हत्या का शक
जांच के दौरान पता चला कि चंदन को आखिरी बार कौशल नगर निवासी अपने दोस्त छोटू के साथ देखा गया था. इस जानकारी के बाद स्थानीय लोगों ने संदेह के आधार पर छोटू की पत्नी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पूछताछ में महिला ने कथित रूप से स्वीकार किया कि चंदन की हत्या उसके पति छोटू ने की है.
अवैध संबंध के एंगल से जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन जांच अवैध संबंध के एंगल से भी की जा रही है. मुख्य आरोपी छोटू फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
सड़क जाम कर परिजनों ने किया प्रदर्शन
घटना से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने गुरुवार को अनीसाबादफुलवारी मेन रोड जाम कर दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पुलिस जल्द से जल्द चंदन के कटे हुए सिर को बरामद करे.
डॉग स्क्वायड की मदद से तलाश जारी
पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया. फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. डॉग स्क्वायड की मदद से गायब सिर की तलाश की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी चिकित्सा विज्ञान संस्थान भेज दिया गया है. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.



