नई दिल्ली. ‘दिल्ली क्राइम’, ‘जलसा’, ‘डार्लिंग्स’ में अपनी अदाकारी से लोगों को हैरान करने वालीं एक्ट्रेस शेफाली शाह एक बार फिर अपने बेबाक बयान की वजह से चर्चा में हैं. शादी, रिश्तों और बच्चों को लेकर दिए गए उनके हालिया बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है. कॉमेडियन लिली सिंह के साथ हुई बातचीत में उन्होंने शादी, रिश्तों और बच्चों को लेकर ऐसी राय रखी है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है.

शेफाली शाह ने जवान लड़कियों को नसीहत देते हुए कहा कि वे जल्दबाजी में शादी न करें. उन्होंने शादी को एक बड़ी जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि कम उम्र में लोग खुद को ठीक से समझ भी नहीं पाते और जीवन का इतना बड़ा फैसला ले लेते हैं.
शेफाली ने कहा, ‘जब आप खुद को ही नहीं जानते, तब शादी जैसा फैसला नहीं लेना चाहिए.लोगों से मिलिए, उन्हें समझिए, फिर तय कीजिए कि आप जिंदगीभर का रिश्ता निभा पाएंगे या नहीं.’ उन्होंने शादी को एक ‘मेहनत का काम’ बताते हुए साफ कहा, ‘अगर आप शादी जैसी संस्था में यकीन नहीं रखते तो मेरा यकीन मानिए, यह बहुत मेहनत का काम है, इसलिए प्लीज ऐसा न करें. शादी करके पीछे हटना सही नहीं है.’
जब लिली सिंह ने बताया कि वे 37 साल की हैं और अभी शादी नहीं की है, तो शेफाली ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैं ट्रोल होने वाली हूं, लेकिन बच्चे पैदा मत करो, कुत्ते पाल लो’. उन्होंने यह भी कहा कि इंसान की जिंदगी में सबसे ज्यादा ‘बिना शर्त प्यार’ कुत्ते ही देते हैं.
सोशल मीडिया पर उनके इस बयान पर लोगों की मिलीजुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. कुछ लोग इसे मजाकिया और ईमानदार राय बता रहे हैं, तो कुछ इसे परिवार और पैरेंटहुड के खिलाफ मानकर आलोचना कर रहे हैं.
आपको बता दें कि शेफाली शाह खुद दो बेटों, आर्यमन और मौर्य की मां हैं. उनकी पहली शादी टीवी एक्टर हर्ष छाया से हुई थी, लेकिन चार साल बाद यह रिश्ता टूट गया. इसके बाद साल 2000 में उन्होंने फिल्म निर्माता विपुल अमृतलाल शाह से शादी की. शेफाली शाह जानवरों की बहुत बड़ी प्रेमी हैं और उनके घर में दो साइबेरियन हस्की ‘ऐश’ और ‘सिंबा’ रहते हैं. एक्टिंग की बात करें तो वह हाल ही में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘दिल्ली क्राइम सीजन 3’ में नजर आई हैं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा.
वर्क फ्रंट पर शेफाली हाल ही में नेटफ्लिक्स सीरीज ‘दिल्ली क्राइम सीजन 3 में DIG वर्तिका चतुर्वेदी के रोल में नजर आईं, जहां वे दिल्ली में लापता लड़कियों के मामले की जांच करती दिखीं. ‘दिल धड़कने दो’, ‘सत्य’, ‘मॉम’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय के लिए जानी जाने वाली शेफाली अपनी परफॉर्मेंस के लिए सराहना हासिल करती रही हैं. शेफाली का यह बयान युवा पीढ़ी में स्वतंत्रता, आत्मजागरूकता और जीवनशैली के चुनाव को लेकर बहस छेड़ गया है.



