CricketIndiaTrending

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन: टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं आकिब नबी, वनडे में आ सकते हैं प्रिंस यादव

भारतीय टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई करने वाले जसप्रीत बुमराह अगले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली श्रृंखला में या तो एकमात्र टेस्ट मैच खेलेंगे या फिर तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का हिस्सा होंगे। राष्ट्रीय चयन समिति 19 मई को टीम घोषित करने को लेकर बुमराह के वर्कलोड पर विशेष नजर रखे हुए है। छह से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में खेले जाने वाला एकमात्र टेस्ट मैच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा नहीं है। इसके बाद वनडे श्रृंखला के मुकाबले 14 जून , 17 जून और 20 जून में आयोजित होंगे।

अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन: टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं आकिब नबी, वनडे में आ सकते हैं प्रिंस यादव
अफगानिस्तान सीरीज के लिए भारतीय टीम का चयन: टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं आकिब नबी, वनडे में आ सकते हैं प्रिंस यादव

यह द्विपक्षीय वनडे श्रृंखला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि और रोहित शर्मा फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर केवल इसी प्रारूप में खेलते नजर आते हैं। इस बीच दिल्ली के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव का नाम चयन बैठक में गंभीरता से चर्चा का विषय बन सकता है। विजय हजारे ट्रॉफी के पिछले सत्र में उन्होंने आठ मैचों में 17 विकेट लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। उन्होंने आईपीएल 2026 में भी 12 मुकाबलों में 16 विकेट लेकर प्रभावित किया है।

प्रिंस को आजमाने के लिए उपयुक्त श्रृंखला

विराट कोहली को शानदार सीम गेंद पर आउट करना उनके प्रदर्शन का सबसे बड़ा आकर्षण रहा। हर्षित राणा के जल्द फिट होने की संभावना कम होने के कारण प्रिंस को आजमाने के लिए यह श्रृंखला उपयुक्त मानी जा रही है। अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति टेस्ट टीम में किसी बड़े प्रयोग से बचना चाहेगी।

बुमराह को आराम मिलने की संभावना कम

श्रीलंका और न्यूजीलैंड के आगामी विदेशी दौरों को ध्यान में रखते हुए पिछले एक वर्ष में लगातार मौका पाने वाले खिलाड़ियों पर ही भरोसा जताया जा सकता है। इन दोनों देशों में परिस्थितियां एकदूसरे से बिल्कुल अलग होंगी। बुमराह ने आईपीएल में लगातार क्रिकेट खेला है, लेकिन इस बात की संभावना कम है कि वह अफगानिस्तान के खिलाफ लगभग दो सप्ताह तक चलने वाली टेस्ट और वनडे दोनों श्रृंखलाओं से बाहर रहें।

एक ही फॉर्मेट में खेलेंगे बुमराह

भारतीय टेस्ट टीम की जर्सी पहनने को हमेशा विशेष महत्व देने वाले बुमराह को अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में उतारा जाएगा या नहीं, यही सबसे बड़ा सवाल बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार, बुमराह अगर टेस्ट मैच खेलते हैं तो उन्हें वनडे श्रृंखला से आराम दिया जाएगा। वहीं, अगर वे वनडे मुकाबलों में उतरते हैं तो टेस्ट से विश्राम मिल सकता है।

पडिक्कल को मिल सकता है मौका

टीम संयोजन में कुछ बदलाव की चर्चाएं जरूर हैं, लेकिन संभावना है कि पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका दौरे पर टीम का हिस्सा रहे देवदत्त पडिक्कल को बल्लेबाजी क्रम में तीसरे नंबर पर साई सुदर्शन की जगह मौका मिल सकता है। इस स्थान के लिए वॉशिंगटन सुंदर और ध्रुव जुरेल भी विकल्प माने जा रहे हैं। तमिलनाडु के लिए सुंदर नंबर तीन पर बल्लेबाजी कर चुके हैं, जबकि जुरेल विशेषज्ञ बल्लेबाज की भूमिका निभा सकते हैं।

आकिब नबी को मिल सकता है मौका

टेस्ट मैच के लिए अगर बुमराह उपलब्ध नहीं रहते हैं, तो नई गेंद की जिम्मेदारी मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा के कंधों पर रहने की संभावना है। आकाशदीप और हर्षित राणा दोनों चोटिल हैं, ऐसे में जम्मूकश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर मौका मिल सकता है। रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र में उन्होंने 60 विकेट झटके थे। हालांकि, उनकी प्रतिस्पर्धा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नितीश कुमार रेड्डी से रहेगी।

तीन से ज्यादा तेज गेंदबाज नहीं खेलेंगे

बुमराह अगर टीम में शामिल होते हैं, तो आकिब नबी को इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि भारतीय परिस्थितियों में आमतौर पर तीन विशेषज्ञ तेज गेंदबाजों से अधिक को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिलती और यहां स्पिनरों की भूमिका अहम रहती है। स्पिन विभाग में रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और वाशिंगटन सुंदर लगभग तय माने जा रहे हैं।

अक्षर पटेल को मानव सुथार कड़ी चुनौती दे सकते हैं

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चुनी गई पिछली टीम की तुलना में अक्षर पटेल की जगह पर जरूर सवाल उठ सकते हैं। हर्ष दुबे को श्रीलंका ए की त्रिकोणीय श्रृंखला के लिए चुना गया है, लेकिन फिलहाल उन्हें टेस्ट टीम की दौड़ में नहीं माना जा रहा। दूसरी ओर, अक्षर पटेल को मानव सुथार कड़ी चुनौती दे सकते हैं। अनुभव के आधार पर बाजी अक्षर के पक्ष में जा सकती है।

अफगानिस्तान और श्रीलंका से भिड़ेगी इंडिया ए; देखें स्क्वाड और पूरा शेड्यूल

इंडिया ए, अफगानिस्तान ए और श्रीलंका ए के बीच 9 जून से वनडे त्रिकोणीय श्रंखला खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए इंडिया ए का स्क्वाड घोषित किया गया जिसके कप्तान तिलक वर्मा बनाए गए। इस टीम में वैभव सूर्यवंशी और प्रियांश आर्या को भी जगह मिली।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply