उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक ने शादी के कुछ घंटे बाद ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद से परिजन सदमे में हैं और रिश्तेदार भी हैरान हैं, क्योंकि शादी के दौरान सब सामान्य लग रहा था। घटना सजेती थाना क्षेत्र के गुरैयनपुर गांव की है। यहां शादी की खुशियां उस वक्त गम में बदल गईं, जब नईनवेली दुल्हन को विदा कराकर घर लौटे दूल्हे की कुछ घंटों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शनिवार सुबह गांव के बाहर खेतों के पास एक पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है, जबकि शादी के उत्सव में शामिल रहे रिश्तेदार भी गहरे सदमे में हैं।

जानकारी के अनुसार, गुरैयनपुर गांव निवासी 21 वर्षीय कमलेश निषाद, पुत्र छोटे निषाद, गुजरात के सूरत शहर में नौकरी करता था। शादी के सिलसिले में वह कुछ दिन पहले ही गांव आया था। 14 मई को उसकी बारात हमीरपुर जनपद के कोरारा थाना क्षेत्र के हरेठा गांव गई थी, जहां अंजली के साथ उसका विवाह संपन्न हुआ। शादी की सभी रस्में पूरे हर्षोल्लास के साथ निभाई गईं और शुक्रवार को दुल्हन की विदाई कराकर बारात गांव वापस लौटी थी।
रात में अचानक गायब हुआ दूल्हा
परिजनों के मुताबिक, घर लौटने के बाद सबकुछ सामान्य लग रहा था। घर में शादी के बाद की परंपराएं पूरी की जा रही थीं और परिवार के लोग नवविवाहित जोड़े के स्वागत में लगे थे। लेकिन देर रात करीब नौ बजे कमलेश अचानक घर से बाहर निकल गया। शुरुआत में किसी को इस पर शक नहीं हुआ, लेकिन काफी देर बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। गांव के आसपास, खेतों और रास्तों पर काफी देर तक खोजबीन चलती रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
पेड़ पर लटका मिला शव
इसी बीच शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर गए तो उन्होंने एक पेड़ पर युवक का शव फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखते ही उन्होंने शोर मचाया और तुरंत ग्रामीणों व परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर भारी भीड़ जुट गई। जब परिजन पहुंचे तो शव की पहचान कमलेश के रूप में हुई। बेटे का शव देख मांबाप और घर के अन्य सदस्य बदहवास हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सजेती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कमलेश ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया। परिजन भी उसकी आत्महत्या के पीछे की वजह नहीं बता पा रहे हैं।
गांव में पसरा सन्नाटा
थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इधर, नई दुल्हन की विदाई के कुछ ही घंटों बाद हुई इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जहां कुछ घंटे पहले तक शादी की खुशी थी, वहीं अब हर तरफ मातमी सन्नाटा पसरा है।



