India

Share Market Update Today : सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन फिसला, इन शेयरों में आई भयंकर गिरावट, विदेशी पूंजी निकासी से 367 अंक टूटा

Share Market Update Today : मुंबई। विदेशी पूंजी की निकासी और घरेलू स्तर पर किसी बड़े सकारात्मक संकेत के अभाव में शुक्रवार को शेयर बाजार में गिरावट जारी रही और बीएसई सेंसेक्स लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में नुकसान के साथ बंद हुआ। बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 367.25 अंक यानी 0.43 प्रतिशत गिरकर 85,041.45 अंक पर बंद हुआ। कमजोर कारोबार के बीच एक समय यह 470.88 अंक टूटकर 84,937.82 के स्तर तक आ गया था। एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 99.80 अंक यानी 0.38 प्रतिशत गिरकर 26,042.30 अंक पर बंद हुआ। यह लगातार दूसरे दिन नुकसान के साथ बंद हुआ।

इन शेयरों में आई जबरदस्त गिरावट

सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में बजाज फाइनेंस, एशियन पेंट्स, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इटर्नल और सन फार्मा के शेयरों में सर्वाधिक गिरावट रही। दूसरी तरफ, टाइटन, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट सूचकांक सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का शेयर बाजार बंद रहा।

यूरोपीय शेयर बाजार शुक्रवार को बंद रहे। अमेरिकी शेयर बाजारों में क्रिसमस पर अवकाश होने के कारण कारोबार नहीं हुआ। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 1,721.26 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 2,381.34 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 62.43 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। इससे पहले, बुधवार को सेंसेक्स 116.14 अंक गिरकर 85,408.70 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 35.05 अंक टूटकर 26,142.10 अंक पर आ गया था।

The post Share Market Update Today : सेंसेक्स में लगातार तीसरे दिन फिसला, इन शेयरों में आई भयंकर गिरावट, विदेशी पूंजी निकासी से 367 अंक टूटा appeared first on Jago India Jago.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply