CrimeIndia

मराठी के बजाय हिंदी बोलती थी बच्ची…मां ने उतारा मौत के घाट, नवी मुंबई में हिला देने वाली वारदात

Navi Mumbai Crime Woman Brutally Killed Her Daughter Maharashtra Police Investigation

Mother Killed Daughter in Navi Mumbai: नवी मुंबई के कलंबोली में मां की ममता उस समय दागदार हो गई, जब एक महिला ने अपनी मासूम बेटी की ही जान ले ली। बेटी मराठी में बातचीत नहीं कर पाती थी, इसी वजह से मां ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया है। बच्ची की मौत के बाद यह कहानी गढ़ी गई कि उसकी जान दिल का दौरा पड़ने से गई। पुलिस को शक होने पर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें सामने आया कि सांस की नली में रुकावट के कारण बच्ची की मौत हुई है।

बता दें कि नवी मुंबई के कलंबोली उपनगर से इंसानियत को झकझोर देने वाली इस घटना में पुलिस ने मां से कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद मौत का सच सामने आया। जांच में खुलासा हुआ कि कलंबोली सेक्टर-1 स्थित गुरुसंकल्प हाउसिंग सोसायटी में एक मां ने अपनी छह साल की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। इस मामले में कलंबोली पुलिस ने 30 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है।

मराठी के बजाय हिंदी बोलती थी बच्ची

पुलिस के अनुसार, गुरुसंकल्प सोसायटी में आईटी इंजीनियर पति और बीएससी तक पढ़ी पत्नी रहते थे। साल 2017 में शादी के बाद 2019 में उन्हें एक बेटी हुई। हालांकि, छह साल की बच्ची को बचपन से बोलने में दिक्कत थी। वह मराठी की जगह ज्यादातर हिंदी में बोलती थी, जिससे मां अक्सर नाराज रहती थी। जांच में यह भी सामने आया कि महिला अपने पति से कहती थी कि उसे ऐसी बच्ची नहीं चाहिए, जो ठीक से बात नहीं कर पाती। पति ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की थी।

मां ने रची झूठी कहानी

23 दिसंबर की रात मां ने बच्ची की हत्या की योजना बनाई। उसी दिन नानी बच्ची से मिलने घर आई थीं, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। कुछ देर बाद जब पति घर लौटा और बच्ची नहीं जागी, तो सभी उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए। वहां शुरुआत में दिल का दौरा पड़ने से मौत की बात कही गई।

पूछताछ में मां ने किया जुर्म कबूल

कलंबोली पुलिस थाने के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर राजेंद्र कोते को यह मौत संदिग्ध लगी, इसलिए उन्होंने विशेष पोस्टमार्टम की मांग की। शुरुआती रिपोर्ट में श्वसन मार्ग अवरुद्ध होने के संकेत मिले। इसके बाद माता-पिता से सख्ती से पूछताछ की गई। करीब छह घंटे की पूछताछ के बाद मां ने बच्ची की गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी मां को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया कि महिला का इलाज एक मनोचिकित्सक के पास चल रहा था।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply