सोशल मीडिया पर तहलका कैसे मचाया जाता है? यह कोई फिल्ममेकर करण जोहर से सीखे। गुरुवार को करण जोहर ने इंटरनेट पर उस वक्त खलबली मचा दी, जब उनके फैंस ने नोटिस किया कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने सबसे करीबी दोस्तों और बॉलीवुड सेलेब्स को अचानक अनफॉलो कर दिया है। इस लिस्ट में शाह रुख खान और आलिया भट्ट जैसे बड़े नाम शामिल हैं। हालांकि, उन्होंने प्रियंका चोपड़ा को अनफॉलो नहीं किया, जिसने सोशल मीडिया पर कयासों का बाजार गर्म कर दिया। अब इस पूरे विवाद पर खुद करण जोहर का बयान सामने आया है।

शाह रुख, आलिया, अनन्या को किया अनफॉलो; प्रियंका की बची ‘जगह’
जैसे ही सोशल मीडिया यूजर्स की नजर करण जोहर की ‘फॉलोइंग लिस्ट’ पर गई, कयासों का दौर शुरू हो गया। करण ने अपने जिगरी दोस्तों— शाह रुख खान, आलिया भट्ट, अनन्या पांडे और मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा समेत इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरों को अनफॉलो कर दिया है।
लेकिन नेटिजन्स का दिमाग तब चकरा गया जब उन्होंने देखा कि करण ने ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा को अभी भी फॉलो किया हुआ है। इसके बाद इंटरनेट पर कई तरह की थ्योरीज बनने लगीं, जिसे देखते हुए करण जोहर ने खुद अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर सच्चाई बयां की।
“भगवान के लिए… इसे नेशनल न्यूज मत बनाओ” — करण जोहर
करण जोहर ने हमेशा की तरह अपने मजाकिया और तीखे अंदाज में ट्रोलर्स और मीडिया को आड़े हाथों लिया। उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर लिखा: “यह एक डिजिटल डिटॉक्स है!!!! मैं इंस्टाग्राम पर अपना समय और एनर्जी बचाने के लिए हर किसी को अनफॉलो कर रहा हूँ!!! भगवान के लिए, यह कोई नेशनल न्यूज नहीं हो सकती… प्लीज क्लिकबैट के लिए कोई और मुद्दा ढूंढो! यह बेहद मामूली बात है।”
54वें जन्मदिन पर मनीष मल्होत्रा ने दी थी ग्रैंड पार्टी
दिलचस्प बात यह है कि अभी हाल ही में 25 मई को करण जोहर ने अपना 54वां जन्मदिन मनाया है। इस मौके पर उनके सबसे करीबी दोस्त मनीष मल्होत्रा ने अपने घर पर एक शानदार पार्टी होस्ट की थी। इस पार्टी में आलिया भट्ट, रणबीर कपूर, काजोल, रानी मुखर्जी, जोया अख्तर, सारा अली खान, जान्हवी कपूर, कियारा आडवाणी और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे कई बड़े सितारे शामिल हुए थे।
मनीष मल्होत्रा ने करण के मेट गाला 2026 के लुक का एक वीडियो शेयर करते हुए एक बेहद भावुक नोट भी लिखा था: “यह वीडियो मेट गाला 2026 में करण के शोॉस्टॉपर अपीयरेंस का है, लेकिन यह हमारी 30 साल पुरानी दोस्ती और कम्फर्ट को भी दिखाता है। हमने कई सुपरहिट फिल्में दीं, साथ में सफर किया और हमेशा एकदूसरे के प्रति ईमानदार रहे। हैप्पी बर्थडे करण, मैं हमारी दोस्ती की कद्र करता हूँ।”
वर्क फ्रंट पर करण जोहर
काम की बात करें तो करण जोहर ने साल 2023 में फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से बतौर निर्देशक शानदार कमबैक किया था, जिसमें रणवीर सिंह और आलिया भट्ट मुख्य भूमिकाओं में थे। वहीं, पिछले हफ्ते ही उनके धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ सिनेमाघरों में रिलीज हुई है, जिसमें अनन्या पांडे और लक्ष्य लीड रोल में हैं।
भले ही करण इसे ‘डिजिटल डिटॉक्स’ कह रहे हों, लेकिन शाह रुख और आलिया जैसे करीबियों को अनफॉलो करके उन्होंने यह तो साबित कर दिया कि वे बिना कुछ किए भी खबरों में बने रहना जानते हैं।




