IndiaTrending

तुम्हारे फूफा प्रेसिडेंट हों तो भी चालान होगा, महिला IPS ने रसूख दिखा रहे कार चालक को सिखाया सबक

Even If Your Uncle Is The President You Will Still Be Fined Female Ips Officer Teaches A Lesson To A Car Driver

Anu Beniwal Video: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में 31 दिसंबर की रात के जश्न के दौरान पुलिस सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर भर में चेकिंग अभियान चला रही है। यहां के होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड समेत सभी जगह पुलिस हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वाहनों की सघन चेकिंग भी की जा रही है। वाहनों की चेकिंग के लिए खुद आईपीएफ अफसर अनु बेनीवाल सड़कों पर उतरी हुई हैं। इस दौरान एक कार चालक ने अपने रिश्तेदार के रसूख का हवाला दिया तो अनु बेनीवाल ने कहा कि तुम्हारे फूफा चाहे प्रेसिडेंट हों तो भी चालान होगा। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

ग्वालियर में आईपीएस अनु बेनीवाल वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उनके साथ सभी ट्रैफिक थाना प्रभारी और पुलिसबल भी मौजूद था। सभी तरह की गाड़ियों की चेकिंग की जा रही थी। ब्लैक फिल्म, तेज आवाज वाले हॉर्न, गोलियों की आवाज निकालते हुए बुलेट बाइक को रोककर उन पर कार्रवाई की गई। इस दौरान कंपू थाना क्षेत्र के शीतला शाह चौराहे पर ब्लैक फ्रेम चढ़ी हुई कार को रोका गया। कार की जांच की गई तो पूरी कार पर ब्लैक फिल्म चढ़ी हुई थी। साथ ही कार में भारी भरकम डंडा रखा हुआ था।

कार चालक ने खुद को बताया भाजपा नेता का रिश्तेदार

जब आईपीएस अफसर अनु बेनीवाल ने देखा तो कार की चालानी कार्रवाई करने की बात कही। इस दौरान कार चला रहे युवक ने पुलिस पर दबाव बनाने के लिए अपने आप को भाजपा नेता का रिश्तेदार बताया और कहा कि चालान नहीं काटें। इस पर आईपीएस अनु ने युवक से कहा कि भले ही तुम्हारे फूफा प्रेसिडेंट हों तो भी कार्रवाई होगी। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग आईपीएस अधिकारी अनु बेनीवाल की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।

कार में रखे डंडे को कर लिया जब्त

पुलिस ने युवक की कार पर यातायात नियमों के खिलाफ कार्रवाई की। कार में रखे डंडे को भी जब्त कर लिया। कुछ देर तक वह पुलिस को रिश्तेदारों की दुहाई देता रहा, लेकिन फिर बाद में चालान भर वहां से चला गया।

यह भी पढ़ें: 26/11 का हीरो बनेगा महाराष्ट्र का नया DGP, सरकार ने की सिफारिश! अब मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी

दबंग लेडी के नाम से फेमस हैं अनु बेनीवाल

पुलिस ने पूरे शहर में 172 से अधिक छोटी-बड़ी गाड़ियों का चालान किया। 86 हजार रुपये जुर्माना वसूला। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब ट्रैफिक नियमों को तोड़ने वालों में हड़कंप मचा है। इससे पहले भी आईपीएस अनु बेनीवाल ने हेलमेट नहीं लगाकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस विभाग के लोगों के भी चालान काटे गए थे। बता दें, आईपीएस अनु बेनीवाल पर एडिशनल एसपी ट्रैफिक का चार्ज है। वह नियमों को लेकर सख्त मानी जाती हैं। उन्हें दबंग लेडी के नाम से जाना जाता है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply