रीवा: शहर के समान थाना क्षेत्र में पुलिस की गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोलते हुए बेखौफ चोरों ने नेहरू नगर में भारी लूटपाट की है. चोरों ने एक सूने मकान की रेकी कर न केवल किराएदार के अरमानों पर पानी फेरा, बल्कि उसी परिसर में रहने वाले मकान मालिक के घर को भी नहीं बख्शा. शातिर चोरों ने कुल मिलाकर 5 लाख से अधिक की चपत लगाई है.
पीड़िता आकांक्षा द्विवेदी ने बताया कि वह बीते 12 जनवरी को परिवार सहित गांव गई हुई थीं. इसी सूनेपन का फायदा उठाकर शातिर बदमाशों ने घर पर धावा बोला. शनिवार (17 जनवरी) को जब वह वापस लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर के भीतर अलमारियां टूटी हुई थीं और साल भर की जमा पूंजी गायब थी.
चोरों ने इस वारदात को बड़ी ही सफाई से अंजाम दिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलमारी और बक्सों के ताले तोड़कर 70 हजार रुपये कैश और सोने-चांदी के भारी जेवरात चोरी कर लिए गए. किराएदार के बाद चोरों ने मकान मालिक के हिस्से में घुसकर वहां से चांदी के सिक्के, कीमती प्लेटें और अन्य बहुमूल्य सामान बटोर लिया. शुरुआती अनुमान के अनुसार, चोरी गए सामान की कीमत 5 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है.
पुलिस के हाथ अब भी खाली, सीसीटीवी का सहारा
घटना की सूचना मिलते ही ‘डायल 112’ और समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की कोशिश की है और आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. हालांकि, चोरों का अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है.
इस बड़ी चोरी के बाद नेहरू नगर के निवासियों में गहरा रोष और डर देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण ही बदमाशों के हौसले बुलंद हैं. लोगों ने मांग की है कि क्षेत्र में रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए.



