
Anurag Dobhal Meets Premanand Maharaj: ‘यूके राइडर 07’ और ‘बाबू भैया’ के नाम से मशहूर अनुराग डोभाल इन दिनों अपनी जिंदगी के मुश्किल दौर से उबरने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में वह वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेमानंद जी महाराज के दर्शन कर नई शुरुआत के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनकी हालत देखकर फैंस भी भावुक हो गए।
‘न्यू जर्नी’ के लिए प्रेमानंद जी महाराज से अनुराग ने लिया आशीर्वाद
अनुराग डोभाल ने इस यात्रा का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया है। वीडियो में वह गले में गुलाबी साफा और माथे पर चंदन लगाए नजर आए। वह व्हीलचेयर पर बैठकर मंदिर परिसर पहुंचे और बाद में वॉकर की मदद से धीरे-धीरे चलते दिखाई दिए। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने ‘न्यू जर्नी’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे साफ है कि वह अब जिंदगी को नए नजरिए से देखना चाहते हैं।
View this post on Instagram
पिछले कुछ महीनों में अनुराग डोभाल की जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए। उन्होंने कुछ समय पहले एक व्लॉग में अपने परिवार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि परिवार के कुछ सदस्यों ने उनका साथ नहीं दिया और उनकी निजी जिंदगी में दखल दिया। इसी तनाव के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइव आकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी।
बताया जाता है कि इस दौरान उन्होंने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर अपनी कार को डिवाइडर से टकरा दिया था। हादसे में वह बाल-बाल बच गए, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आईं। उनके फेफड़ों को नुकसान पहुंचा और शरीर की कई हड्डियां टूट गईं। कूल्हे की हड्डी में भी चोट आई, जिसकी वजह से उनका एक पैर कुछ समय के लिए सुन्न हो गया। फिलहाल वह धीरे-धीरे रिकवरी की प्रक्रिया में हैं।
इस बीच अनुराग के जीवन में एक खुशखबरी भी आई है। हाल ही में वह पिता बने हैं, जिसने उनकी जिंदगी में नई उम्मीद जगाई है। इसी नई शुरुआत और सकारात्मक सोच के साथ वह वृंदावन पहुंचे और आध्यात्मिक मार्गदर्शन लेने का फैसला किया।
फैंस ने वायरल वीडियो पर दी प्रतिक्रिया
उनके इस कदम पर फैंस भी लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने उनके वीडियो पर ‘राधे-राधे’ लिखकर शुभकामनाएं दीं और जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फैंस का मानना है कि आध्यात्मिकता की ओर उनका यह कदम उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
अब अनुराग डोभाल की यह नई यात्रा उनके लिए कितनी सफल साबित होती है, यह आने वाला समय बताएगा, लेकिन फिलहाल वह धीरे-धीरे अपनी जिंदगी को पटरी पर लाने की कोशिश कर रहे हैं।



