सोनभद्र: कोन थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद को सुलझाने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें एक हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया और कई अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आईं. गुरुवार देर रात हुई इस घटना में पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए गए.
यह घटना ग्राम पंचायत कचनरवा के टोला हड़वरिया (परसवा) में हुई. हड़वरिया निवासी सुदर्शन राम ने गुरुवार रात करीब 7:53 बजे डायल 112 पर सूचना दी थी कि उनके बेटों और बहू के बीच लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से मारपीट हो रही है.
क्या हुआ मौके पर?
सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल लालमणि कनौजिया और चालक अभिमन्यु मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी पक्षों को शांत रहने और थाने चलकर बयान देने को कहा, लेकिन ग्रामीण मौके पर ही पंचायत करने की जिद पर अड़े रहे। भीड़ बढ़ती गई और लोगों ने पुलिस की बात अनसुनी करते हुए नोकझोंक शुरू कर दी.
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस टीम ने तत्काल थानाध्यक्ष संजीव सिंह को सूचना दी, जिसके बाद थानाध्यक्ष ने दो गाड़ियां लेकर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा.
अचानक हुआ पथराव
अतिरिक्त पुलिस बल के पहुंचते ही भीड़ अचानक उग्र हो गई और उन्होंने पुलिस टीम पर लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया. इस पथराव में हेड कांस्टेबल संतोष यादव को गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए. हमले के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा. ग्रामीणों ने पुलिस वाहन के शीशे भी तोड़ दिए.
मुकदमा दर्ज और गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरी रात इलाके में पुलिस की तैनाती रही. हेड कांस्टेबल संतोष यादव की तहरीर पर पुलिस ने फुटेज का विश्लेषण कर कुल 11 लोगों को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
आरोपितों पर धारा 147, 332, 353, 504, 506, 186 तथा 7 सीएल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि शेष की तलाश जारी है.
थानाध्यक्ष संजीव सिंह ने इस हमले को सीधी-सीधी कानून व्यवस्था को चुनौती बताया है और पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है.



